शासन की सख्ती के बाद भी बिजली कटौती पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। बुधवार को भी शहर के कई इलाकों में जमकर कटौती हुई। कहीं पेड़ की टहनियों की छंटाई के लिए तो कहीं उपकेंद्रों के तार बदलने के नाम पर बिजली काटी गई। इसके अलावा शहर के कई इलाकों में पूरे दिन फॉल्ट आदि के चलते बिजली की आंखमिचौली ने लोगों को परेशान किया। बड़गहन गांव के पास तारों के आपस में उलझ जाने से नौसड़ उपकेंद्र की बिजली गुल हो गई। इससे शहर के कुछ मोहल्लों और दर्जनों गांवों में साढ़े तीन घंटे बिजली गुल रही।
कटौती से परेशान लोग बिजली उपकेंद्रों पर फोन करते रहे, पर उन्हें माकूल जवाब नहीं मिल पा रहा था। इसकी वजह फॉल्ट ढूंढने में हुई देरी थी। सूचना के बाद लाइन स्टाफ ने कांबिंग शुरू की। काफी देर बाद बड़गहन गांव के पास तार आपस में उलझे मिले। लाइन स्टाफ ने इसे दुरुस्त किया, तब तक शाम के पांच बज गए। इसके बाद उपकेंद्र की बिजली बहाल हो पाई। दूसरी ओर दिन में शहर के कई इलाकों में तारों को बदलने, मेंटेनेंस और पेड़ों की टहनियां काटने के नाम पर पांच से छह घंटे की कटौती हुई। इससे शहरवासी गर्मी से बेहाल दिखे।
दुर्गाबाड़ी और सूरजकुंड उपकेंद्र के साथ ही मेडिकल कॉलेज के सेमरा और विकासनगर के विस्तारनगर फीडर पर भी बुधवार को सुबह 11 से शाम चार बजे तक शटडाउन रहा। इन जगहों पर हाईटेंशन तार बदले गए। इसी तरह राप्तीनगर उपकेंद्र के फेज प्रथम फीडर में 10 से चार बजे तक तारों के निकट टहनियां काटने के लिए बिजली काटी की गई।
रुस्तमपुर, सहारा इस्टेट उपकेंद्र समेत कई फीडरों की बत्ती रहेगी गुल
रुस्तमपुर उपकेंद्र की बिजली गुरुवार सुबह 10 से शाम चार बजे तक गुल रहेगी। इस दौरान उपकेंद्र की हाईटेंशन लाइन के तार बदले जाएंगे। एसडीओ प्रमोद जायसवाल ने उपभोक्ताओं से इसके पहले ही बिजली के सहारे होने वाले काम निपटाने की अपील की है। मोहद्दीपुर की एसडीओ नीति मिश्रा ने बताया कि पुराने तार बदलने के लिए शिवपुर सहबाजगंज एवं शक्तिनगर फीडर की बिजली सुबह 10 से शाम चार बजे तक गुल रहेगी। उन्होंने बताया कि सहारा इस्टेट उपकेंद्र के साथ खोराबार के रानीडीहा फीडर की सप्लाई भी सड़क निर्माण के लिए वन विभाग की ओर से हो रही पेड़ों की कटान के चलते 11 से एक बजे तक बाधित रहेगी।