शहर के बिजली अफसरों के लिए एमडी पॉवर कार्पोरेशन और एमडी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निर्देश बेमानी हैं। शनिवार को कुछ ऐसा ही दिखा। शहर से जैसे ही सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से बस्ती के लिए रवाना हुए, बिजली अफसरों ने बिना पूर्व सूचना के ही दो उपकेंद्रों की बत्ती गुल कर दी। साढ़े तीन घंटे हुई इस अघोषित कटौती में उपभोक्ता गर्मी से बिलबिला उठे। इस बीच बिजली कटौती का कारण जानने के लिए उपभोक्ता परेशान रहे।
शनिवार की दोपहर दो बजे सीएम योगी आदित्यनाथ शहर से बस्ती के लिए रवाना हुए। सूचना मिलते ही बिजली अफसरों ने शटडाउन देकर टाउनहाल और यूनिवर्सिटी उपकेंद्र की 33 केवी लाइन पर काम शुरू करा दिया। सेकेंड्री वर्क के इस काम की पूर्व सूचना महकमे के अफसरों ने अखबारों को नहीं मुहैया कराई थी। ऐसे में दो बजे अचानक हुई बिजली कटौती के बाद जब काफी देर तक सप्लाई चालू नहीं हुई तो प्रभावित उपभोक्ता परेशान हो उठे। नतीजतन, उपकेंद्रों पर फोन करके वो कटौती का कारण जानने की कोशिश में जुटे रहे। इस बीच उपभोक्ताओं के लगातार फोन आने से दोनों उपकेंद्र के सीयूजी मोबाइल नंबर व्यस्त जाते रहे। कटौती के चलते यूनिवर्सिटी, रेलवे रोड, पुलिस लाइंस, धर्मशाला, बैंकरोड, सिनेमा रोड, टाउनहाल, शास्त्री चौक, डीआईजी बंगला, दाउदपुर आदि इलाकों के उपभोक्ताओं को सांसत झेलनी पड़ी।
डीएम का आदेश भी बेअसर
पिछले दिनों जिलाधिकारी राजीव रौतेला ने बिजली अफसरों की बैठक में कटौती की पूर्व सूचना अखबारों के जरिए उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का दो टूक आदेश दिया था। इसके बाद भी शनिवार को बिना बताए साढ़े तीन घंटे बत्ती गुल कर दी गई।
15 मई तक मरम्मत के सभी काम निपटा लेने के लिए जिलाधिकारी समेत विभाग के उच्चाधिकारियों का निर्देश हैं। इस बीच आंधी बारिश के चलते मरम्मत का काम दो दिन प्रभावित हुआ। वीआईपी दौरे के चलते भी शटडाउन नहीं लिया जा सका। शनिवार को आदेश आया कि एसएससी परीक्षा के लिए रविवार को शहर कटौती मुक्त रहेगा। ऐसे में जरूरी काम निपटाने के लिए इमरजेंसी कटौती की गई थी।
-एके सिंह, अधीक्षण अभियंता महानगर
आज नहीं कटेगी शहर की बिजली
राज्य कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा के लिए पॉवर कार्पोरशन की ओर से रविवार को शहर को बिजली कटौती से मुक्त रखने का आदेश आया है। इसके मद्देनजर रविवार को शहर बिजली कटौती मुक्त रहेगा। महानगर के अधीक्षण अभियंता एके सिंह ने बताया कि परीक्षा सकुशल निपटाई जा सके, इसके लिए उच्चाधिकारियों से बिजली कटौती नहीं करने का आदेश मिला है।