डाकघर में मिलेंगी अब कई सुविधाएं
- फोटो : demo pic
जिले और आसपास के लोगों को डाक विभाग की उपलब्धियों से रूबरू कराने के लिए महकमा प्रदर्शनी लगाने जा रहा है। इसके लिए लखनऊ और वाराणसी में संजोकर रखी गईं विभाग की यादें गोरखपुर मंगाई जा रही हैं। प्रधान डाकघर में 26 और 27 फरवरी को सात साल बाद यह प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
विभाग का इतिहास अंग्रेजों के जमाने का है। मगर कर्मचारी और आम जनमानस इन्हें भूलते जा रहे हैं। इन यादों को फिर ताजा करने के लिए प्रधान डाकघर में दो दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। इसमें पुराने डाक टिकटों से लेकर विभाग के इतिहास से जुड़ीं हर चीजें रखी जाएंगी। प्रदर्शनी को भव्य बनाने के लिए गोरखपुर प्रशासनिक विभाग की ओर से लखनऊ और वाराणसी के प्रधान डाकघरों को पत्र लिखा गया है, क्योंकि इन दोनों शहरों में अंग्रेेजों के जमाने में ही डाकघर खुल गए थे और उस समय वहां तार की सुविधा भी उपलब्ध थी। लिहाजा इन शहरों के प्रधान डाकघरों से एतिहासिक चीजों की जानकारी 17 फरवरी तक उपलब्ध कराने को कहा गया है, जिससे दो दिवसीय प्रदर्शनी की तैयारी पूरी की जा सके।
डाक विभाग के वरिष्ठ प्रवर अधीक्षक डीबी त्रिपाठी ने बताया कि प्रदर्शनी का आयोजन प्रधान डाकघर के प्रथम तल पर किया गया है, जिसमें पुराने डाक टिकट, डाक तार आदि सेवाओं का लोग अवलोकन कर सकेंगे।