गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था जांचने पहुंचे एडीजी सुरक्षा
एडीजी, सुरक्षा ने गोरखनाथ मंदिर दीवानी कचहरी की सुरक्षा जांची
गोरखपुर। यूपी के एडीजी, सुरक्षा दीपेश जुनेजा ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर, एयरपोर्ट और दीवानी कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री फ्लीट की जांच करते हुए सुरक्षा उपकरणों को भी चेक किया। दरअसल, इस कवायद का उद्देश्य यह तय करना है कि गोरखपुर के एयरपोर्ट, गोरखनाथ मंदिर समेत महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा यूपी पुलिस के हवाले रहे या इसके लिए सीआईएसएफ को तैनात किया जाए। एडीजी का दौरा इसी प्रस्ताव पर विचार करने की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। एडीजी की रिपोर्ट के बाद सरकार इस बारे में कोई फैसला ले सकती है।
रविवार सुबह गोरखपुर पहुंचे एडीजी, सुरक्षा ने पहले न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था जांची। वहां उन्हें 85 कैमरे लगे मिले जिससे वह संतुष्ट दिखे। इसके बाद वह गोरखनाथ मंदिर पहुंचे और मंदिर के अलावा मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा का भी जायजा लिया। यहां वह करीब दो घंटे तक रहे। बाद में पुलिस लाइन जाकर मुख्यमंत्री की फ्लीट का निरीक्षण किया। उसमें लगे उपकरणों को जांचा। कुछ उपकरणों की मांग भी की गई। उन्होंने इसे सुरक्षा मुख्यालय से तत्काल मंगाने का निर्देश दिया।