प्रेमिका के घर मिलने गए युवक को परिवार के लोगों ने पिटाई कर दी। घायल युवक ने डायल 112 पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल में इलाज कराने के बाद दोनों के परिवार वालों को थाने बुलाया। जहां दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए।
दो वर्ष से एक युवक अपने प्रेमिका से मिलता रहा। छ माह पहले युवक प्रेमिका से मिलने उसके घर रात में गया तो युवती के परिवार के लोग युवक को घर पर देख पिटाई कर दी। पीएचसी में इलाज कराने के बाद थाने पर समझौता हुआ, जिसमें युवक को प्रेमिका के घर पर नहीं मिलने की हिदायत दी गई। हिदायत के बाद चार माह पूर्व दूसरी बार युवक प्रेमिका के घर गया। इस बार भी युवती के घर वाले उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। जिला चिकित्सालय में उसका इलाज हुआ था।
इस दौरान एक बार फिर मईल थाने में समझौता हुआ। युवक तीसरी बार बुधवार की रात प्रेमिका से मिलने पहुंच गया। प्रेमिका के परिवार के लोग प्रेमी को फिर पकड़ लिया और जमकर उसकी धुनाई की। प्रेमी को पिटता देख प्रेमिका अपने घर से भाग कर प्रेमी के घर जाकर प्रेमी के पिटने की बात बताई। युवक के परिवार के लोग डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस पीएचसी पर इलाज कराने के बाद दोनों के परिवार वालों को थाने पर बुलाया। मौजूद लोगों और पुलिस के समझाने के बाद दोनो के परिवार वाले शादी के लिए राजी हो गए। इस बारे में एसओ रविन्द्र कुमार रवि ने बताया कि प्रेमी प्रेमिका शादी करना चाहते थे। परिवार के लोग तैयार नहीं थे। अब शादी के लिए तैयार हो गए हैं।