भाजपा नेता और एपीएनपीजी कॉलेज छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष आदित्य उर्फ कबीर तिवारी हत्याकांड में 25 हजार का इनामी आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। शनिवार देरशाम साढ़े सात बजे एसपी हेमराज मीणा ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि एएसपी पंकज के पर्यवेक्षण और सीओ सिटी के नेतृत्व में प्रभारी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सरोज, क्राइम ब्रांच के उपनिरीक्षक पंकज पाण्डेय की संयुक्त टीम नगर थाने के मदारपुर बंधे के पास से शनिवार को अभियुक्त मन्नू उर्फ प्रशांत पाण्डेय निवासी पिकौरा शिव गुलाम मालवीय रोड थाना कोतवाली जनपद बस्ती को गिरफ्तार किया। तलाशी में एक कट्टा 12 बोर का और चार कारतूस बरामद हुआ है।
इससे पहले अनुराग तिवारी और अभय तिवारी को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक अन्य आरोपी अभिजीत को लखनऊ एसटीएफ की ओर से पकड़ा गया है जो अभी आशियाना थाने में है। नौ अक्तूबर को भाजपा नेता कबीर तिवारी की सुबह 10.45 बजे मालवीय मार्ग गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद शहर में काफी उपद्रव हुआ।
मामले में अमन प्रताप सिंह, अक्षय प्रताप सिंह, अभिजीत सिंह,मो. शाद उर्फ सद्दू, समीर खाना, साहिल सिंह, अवनीश प्रताप सिंह, इमरान उर्फ और दो अन्य पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के समय भी अभिजीत और मन्नू घटना स्थल के आसपास मौजुद थे।