तीन दिनों से चल रहे गोरखपुर महोत्सव के आखिरी दिन सोमवार को कुछ अप्रिय घटनाओं ने आयोजकाें को खिन्न कर दिया। पुरस्कार न मिलने पर खिलाड़ियों ने जहां मंच पर काफी देर तक हंगामा किया, वहीं डॉन वॉस्को स्कूल की शिक्षिकाओं ने एक एंकर पर अभद्रता करने और पुरस्कार वितरण में पक्षपात करने का आरोप लगाया। मामला बिगड़ता देख कमिश्नर ने मंच से खेद व्यक्त करते हुए तीन फरवरी को स्टेडियम में खिलाड़ियों को पुरस्कृत करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद खिलाड़ी शांत हुए। उधर, आयोजन मंडल के कुछ लोगों ने शिक्षिकाओं से माफी मांगकर उन्हें भी शांत कराया।
बता दें कि महोत्सव के दौरान गोरखपुर यूनिवर्सिटी में विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ ही रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में भी खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इनमें बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल शामिल हैं। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी एसएएच नकवी ने चारों खेलों की विजेता और उपविजेता टीम की लिस्ट बनाकर आयोजक मंडल को दे दी थी। मगर सोमवार को जब यूनिवर्सिटी में हुई सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया और रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुई प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नहीं पूछा गया तो वे खफा हो गए।
दो दर्जन से अधिक खिलाड़ियों का एक झुंड दोपहर में आयोजन स्थल पर पहुंच गया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कमिश्नर को जब पूरे मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने खिलाड़ियों से खेद प्रकट करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि 3 फरवरी को उन्हें भी स्टेडियम में पुरस्कृत किया जाएगा।