दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार, दस करोड़ राजस्व की क्षति
पीएफ घोटाले के विरोध में बिजली कर्मियों ने मुख्य अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। पीएफ घोटाले के विरोध में बिजली निगम की तरफ से मंगलवार को लगातार दूसरे दिन कार्य बहिष्कार कर मुख्य अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया गया। दो दिन से कार्य बहिष्कार की वजह से गोरखपुर जोन में लगभग दस करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति का अंदेशा है। मांगों के लिए विद्युत कर्मचारी व अभियंता संघ के पदाधिकारी 14 दिनों से आंदोलित हैं। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मांगों के संबंध में सरकार के उदासीन रवैये को लेकर नाराजगी जताई। कहा कि सरकार को न तो बिजली कर्मियों की, न ही उनके परिवार की फिक्र है।
कर्मचारी नेता कृष्ण मोहन यादव ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की पीड़ा का अहसास नहीं हो रहा। आने वाले चुनाव में कर्मों का फ ल अवश्य भुगतना पड़ेगा। कर्मचारी नेता अविनाश गौतम ने कहा कि सरकार कह रही है कि सब का पैसा दे दिया जाएगा। इसी बात बात को लिखित में देने से संकोच कर रही है। कर्मचारी नेता बृजेश त्रिपाठी ने कहा कि सरकार कर्मचारियों को सिर्फ गुमराह कर रही है। ना तो सीबीआई जांच के लिए कोई लिखित आदेश दिया गया है और न ही घोटाला करने वालों को गिरफ्तार किया जा रहा। इसी का परिणाम है कि तत्कालीन आईएएस संजय अग्रवाल छुट्टी के नाम पर विदेश भाग गया। कुशीनगर से आए कर्मचारी नेता जय नारायण यादव ने कहा कि सरकार फू ट डालो और राज करो की नीति अपना रही है। इस दौरान बालेंद्र दुबे, सोमदत्त शर्मा, अखिलेश गुप्ता, राजकुमार, दिनेश पांडेय, रघुनाथ प्रसाद, विनोद चौधरी, राम किशन, राम अवतार, सीबी उपाध्याय, विनय यादव, सुनील यादव, पप्पू श्रीवास्तव, अजय गुप्ता, ईश्वरदेव, सत्यवान गुप्ता, गुंजन शर्मा, रामविलास खरवार, संजू, दुर्गावती, उर्मिला, कृष्णावती, पूजा सिंह आदि मौजूद रहीं।