पीएम मोदी की रैली में नारेबाजी करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
मंच से प्रधानमंत्री ने भले ही पुलवामा का जिक्र ना करते हुए सिर्फ किसानों पर ही बोले मगर भीड़ और सड़क पर यह मुद्दा छाया रहा। जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी के बीच पाकिस्तान के खिलाफ युवाओं में गजब सा जोश भी देखा गया। रैली में शामिल होने को जाते समय युवाओं का कई जत्था पाकिस्तान मुर्दाबाद, भारत जिंदाबाद का नारा लगाते रहे। मंच से पुलवामा आतंकी हमले पर प्रधानमंत्री के कुछ नहीं बोलने का मलाल कई लोगों के मन में रहा।
सुबह 11 बजे के करीब पैडलेगंज के पास हाथों में तिरंगा लिए बाइक सवारों का जत्था पाकिस्तान मुर्दाबाद का नारा लगाते हुए जा रहा था। जोश ऐसा कि वह चौराहों पर रुक-रुक कर शहीदों को याद करते और पाकिस्तान पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाते रहे। कुछ ऐसा ही नजारा 11.30 बजे के करीब बरगदवां के पास भी दिखा। आगे-आगे पैदल चलते युवाओं के हाथों में तिरंगा था। मोदी... आप पाकिस्तान को सबक सिखाओ.. की मांग कर रहे थे।
पाकिस्तान पर बोलना चाहिए था
इस बात की खुशी है कि प्रधानमंत्री ने कई योजनाएं दीं। लेकिन इस बात की भी उम्मीद थी कि वह पुलवामा पर भी कुछ बोलेंगे। आज के भाषण में उनसे पाकिस्तान के खिलाफ कड़े शब्द सुनने का मन था।
मनोज गुप्ता, खोराबार
पुलवामा पर नहीं बोलने का मलाल
मोदी ने देश के उत्थान और पूर्वांचल के विकास का जो सौगात दी है उससे मन में खुशी है। लेकिन पुलवामा पर पीएम ने कुछ नहीं बोला इसका मलाल भी है। अगर बोले होते तो और अच्छा रहा होता।
जितेंद्र, आदर्श नगर