झुंगिया एसबीआई बैंक से रुपये न मिलने पर रास्ता जाम करते लोग।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
कई दिनों से पूर्वांचल बैंकों में कैश न होने से खाताधारकों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को नाराज लोगों ने महाबीर छपरा और हाटा बाजार में गोरखपुर-वाराणसी हाइवे जाम कर प्रदर्शन किया। इस बीच वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। लोगों का तेवर देख हाटा बाजार शाखा के कर्मचारी बैंक बंद कर भाग निकले। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया।
महाबीर छपरा एवं कुसमौल प्रतिनिधि के अनुसार सुबह से ही कैश के लिए लोगों की भीड़ बैंक पर उमड़ पड़ी थी। साढ़े दस बजे शाखा प्रबंधक अतुल श्रीवास्तव ने लाइन लगाए लोगों से कैश न आने की बात बताते हुए दूसरे दिन आने को कहा। मैनेजर की इस सूचना से लोग भड़क गए और 11 बजे हाइवे पर पहुंचकर जाम लगा दिए। खबर पाकर बेलीपार पुलिस भी पहुंच गई और लोगों को समझाना शुरू की, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। हाइवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। कुछ देर बाद ब्रांच मैनेजर गोरखपुर गए और लोगों को भुगतान करने के लिए साढ़े बारह बजे एक लाख रुपये लेकर लौटे तब जाकर ग्रामीणों ने जाम खत्म किया। 50 महिला और 50 पुरुषों को एक-एक हजार का भुगतान किया गया।
गगहा प्रतिनिधि के अनुसार हाटा बाजार में पूर्वांचल बैंक की शाखा में नकदी न मिलने से नाराज लोगों ने करीब 12 बजे से एक घटा वाराणसी हाइवे जाम कर दिया। खाताधारकों का तेवर देख बैंककर्मी बैंक बंद कर भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैंक कर्मियों से वार्ता कर शुक्रवार को लोगों को भुगतान का आश्वासन दिया जिसके बाद रास्ता जाम खत्म हुआ।
कैंपियरगंज प्रतिनिधि के अनुसार पूर्वांचल बैंक की रिगौली शाखा में भुगतान न होने से नाराज खाताधारकों ने बैंक के सामने हाइवे मार्ग जाम किया। बैंक ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने जाम स्थल पर पहुंचकर बैंक के आरएम से मोबाइल फोन पर वार्ता की। आरएम द्वारा दो दिन में कैश उपलब्ध कराने के आश्वासन पर जाम समाप्त किया गया।