युनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर बैंक कर्मचारियों की एक दिवसीय हड़ताल से लोग परेशान हो गए। लेनदेन के संबंध में बैंक पहुंचने वाले हजारों लोगों को वापस लौटना पड़ा। वहीं शहर के अधिकांश एटीएम में पैसे न होने की वजह से भी लोगों को इधर से उधर भागना पड़ा। हड़ताल की वजह से एटीएम में रुपये नहीं डाले गए थे।
भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा बैंक रोड पर अधिकारियों और कर्मचारियों की सभा हुई। इस पूर्व कर्मचारियों ने विजय चौराहा, गणेश चौराहा, गोलघर, कचहरी चौराहा, टाउन हाल होते हुए जुलूस निकाला जो भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा में आकर समाप्त हुई। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस यूनिट के अध्यक्ष केके तिवारी ने बताया कि सभी बैंकों में कामकाज पूर्ण रूप से ठप रहा। इस दौरान लगभग 400 करोड़ रुपये के कारोबार प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया उनकी मांगे जायज है। सभा को एसके द्विवेदी, राजकपूर, ओपी सिंह, यूपीएन सिंह, ओपी त्रिपाठी, डीएन चौधरी, एमजे श्रीवास्तव, वीपी श्रीवास्तव, एसएन सिंह, आशुतोष सिंह, राहुल गुप्ता आदि ने संबोधित किया।
ये हैं मांगे
बैंकिंग को मौलिक अधिकार बनाया जाए
राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की बैंकिंग को सुदृढ़ किया जाए
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का निजीकरण न हो
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को पर्याप्त पूंजी दी जाए
बैंकों के खराब ऋणों की वसूली के कठोर उपाए किए जाए
जानबूझ कर बैंक ऋणों को न चुकाना फौजदारी अपराध घोषित हो
माल्या प्रकरण की संसदीय जांच हो और जिम्मेदार लोग दंडित किए जाएं
खराब ऋणों के लिए जिम्मेदारी तय हो और दोषियों को दंड मिले
आईडीबीआई बैंक का निजीकरण न हो 10- बैंक ऋण के बकाएदारों की सूची प्रकाशित हो।
एटीएम से रकम निकालने को हुए परेशान
एटीएम में रकम न होने से लोग तो परेशान ही हुए वहीं बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हुमायुंपुर के रहने वाले अभय ने बताया कि स्टेट बैंक में उनका एकाउंट है लेकिन एटीएम से रुपये निकालने के लिए उन्हें कई जगह दौड़ना पड़ा। खोराबार के राकेश ने बताया कि उनके क्षेत्र में भी अधिकांश एटीएम ने रुपये नहीं थे। इसकी वजह से उन्हें बहुत परेशानी हुई।