महंत आदित्यनाथ के सीएम बनने पर जश्न मनातीं महिलाएं।
- फोटो : Amar Ujala
महंत आदित्यनाथ के सीएम बनने की घोषणा होते ही पूरा गोरखपुर झूम उठा। शहर की सड़कों से लेकर गांवों की गलियों तक में होली और दिवाली एक साथ मनी। कहीं गुलाल उड़ाए गए तो कहीं पटाखे फोड़कर लोगों ने अपनी खुशी का इजहार किया। देर रात तक आतिशबाजी होती रही। घर से लेकर चौराहों तक लोगों ने मिठाइयां बांटी और गले-मिलकर एक-दूसरे को बधाई दी। जगह-जगह सड़कों पर गुब्बारों के साथ भगवा झंडा लहराते युवाओं ने मोटर साइकिल जुलूस निकाला तो वहीं गोरक्षनाथ मंदिर में देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा। साधु से लेकर श्रद्धालु तक झूमते रहे।
दोपहर में अचानक योगी के मुख्यमंत्री बनाए जाने की सुगबुगाहट शुरू हुई और चर्चाओं ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया। सोशल मीडिया पर मैसेज चलने लगे। पान की गुमटी से लेकर टीवी के शोरूम और घरों में लोग समाचार से चिपके रहे। जैसे ही शाम सात बजे के करीब योगी के मुख्यमंत्री बनने की अधिकृत घोषणा हुई, शहर की फिजा ही बदल गई। चारों तरफ जश्न का माहौल बन गया। शास्त्री चौक, अंबेडकर चौराहा, गोलघर, इंदिरा तिराहा, असुरन, मोहद्दीपुर, बक्शीपुर, घोषकंपनी, रेती समेत शहर के तकरीबन सभी चौराहों पर लोगों ने योगी के पक्ष में घंटों नारेबाजी की और अबीर-गुलाल के साथ ही आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया।