रूस्तमपुर बिजली घर पर प्रदर्शन करते कर्मचारी ।
- फोटो : Rajesh Kumar
शक्ति नगर में टूटे तार ठीक करने पहुंचे एसडीओ, जेई सहित संविदाकर्मी की रविवार को मोहल्ले के लोगों ने पिटाई कर दी। इसके विरोध में कर्मचारियों ने रुस्तमपुर बिजली घर पर धरना-प्रदर्शन कर आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की और चेतावनी दी कि अगर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो वे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति ठप कर देंगे।
शक्ति नगर मोहल्ले में बिजली फीडर का तार टूट गया था। इस वजह से आपूर्ति ठप थी। जानकारी मिलने पर एसडीओ प्रमोद कुमार, जेई अरुण गुप्ता व संविदाकर्मी अमित यादव अन्य कर्मचारियों के साथ तार ठीक करने गए थे, जिसका मोहल्ले के कुछ लोगों ने विरोध किया और पुराने की जगह नया तार लगाने की मांग की। इस पर अधिकारी नया तार उपलब्ध होने पर लगाने की बात कहते हुए पुराना तार ही जोड़ने लगे। इसी बात को लेकर बिजली कर्मियों और मोहल्ले के लोगों में तकरार हो गई।
बात अधिक बढ़ी तो मोहल्ले वालों ने बिजलीकर्मियों को पीट दिया। इसकी जानकारी जब अन्य कर्मचारियों को हुई तो उनमे रोष फैल गया। वे एसडीओ, जेई व संविदा कर्मी से मारपीट करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रुस्तमपुर बिजली घर पर धरना-प्रदर्शन करने लगे। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के आश्वासन पर धरना समाप्त किया। इस मौके पर संजय यादव, प्रदीप दुबे, संतोष चौधरी, अनूप पांडेय, अक्षयलाल, रमेश कुमार आदि थे।
एसडीएओ ने दी तहरीर
एसडीओ प्रमोद कुमार जायसवाल ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में साथी कर्मचारियों पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने सहित कई आरोप लगाते हुए आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।