कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय खलीलाबाद में चित्रकला प्रतियोगिता हुई।
- फोटो : KHALILABAD
1,45,572 पेंटिंग्स बनाकर गोरखपुर-बस्ती मंडल के छात्रों ने कीर्तिमान रचा
अमर उजाला मां तुझे प्रणाम अभिनव अभियान के तहत दो घंटे में बनाई पेंटिंग्स
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। ‘जश्ने आजादी को दिल से मनाना है, अपनी भावनाओं को आकार दें’, मां तुझे प्रणाम अभिनव अभियान की कड़ी में अमर उजाला के इस आह्वान पर गोरखपुर-बस्ती मंडल के छात्रों ने देशभक्ति की थीम पर बृहस्पतिवार को 1,45,572 पेंटिंग्स बनाकर अभूतपूर्व कीर्तिमान रच दिया। शुक्रवार को पेंटिंग्स की गिनती पूरी हो सकी, पेंटिंग्स को गिनने में ही 24 घंटे से ज्यादा समय लग गया।
दोनों मंडलों के ज्यादातर सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। आसानी से यकीन नहीं आएगा कि कुशीनगर से 45,200 और महराजगंज से 33,350 पेंटिंग्स अमर उजाला दफ्तर को प्राप्त हुई हैं। गोरखपुर-24,300, बस्ती 14400, सिद्धार्थनगर-11872, देवरिया-10870 और संतकबीरनगर के 5580 छात्रों ने देशभक्ति का भाव जगाती पेंटिंग्स उत्साह से बनाई। अब निर्णायक मंडल के सदस्य एक-एक पेंटिंग्स देखकर विजेता का निर्णय करेंगे। 15 अगस्त के बाद अलग-अलग वर्ग (कक्षा 1-5, कक्षा 6-8 और कक्षा 9-12) के विजेताओं के नाम का एलान होगा। कक्षा 9 से 12 वर्ग के पहले विजेता को परिवार सहित जयपुर जाने का मौका मिलेगा और विजेताओं को ब्रांडेड कंपनी के म्यूजिक सिस्टम देकर पुरस्कृत किया जाएगा। आकर्षक पेंटिंग्स बनाने वाले छात्रों को बड़ी संख्या में सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।