मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर के सामने सड़क पर जीप से मरीज को स्ट्रेचर पर उतारते समय पीछे से डॉक्टर की कार ने टक्कर मार दी। इसमें मरीज और तीमारदार चोटिल हो गए। इस पर वे हंगामा करने लगे। सूचना पाकर मेडिकल कॉलेज चौकी इंचार्ज बृजेश तिवारी मौके पर पहुंचे और उन्हें शांत कराकर कार कब्जे में ली।
देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र से सुभाष सिंह अपनी बीमार मां ललिता देवी का इलाज कराने बुधवार मेडिकल कॉलेज जीप से आए थे। गाड़ी को ट्रामा सेंटर के बाहर सड़क के किनारे खड़ी कर साथ में आई दो बहनों बिंदू व इंदू की मदद से ललिता देवी को स्ट्रेचर पर उतार रहे थे। इसी बीच पीछे मेडिकल कॉलेज के ही डॉक्टर की कार स्ट्रेचर से जा भिड़ी। घरवालों के आक्रोशित होने पर मेडिकल कॉलेज चौकी प्रभारी बृजेश तिवारी मौके पर पहुंच समझा बुझा कर शांत कराया और गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने आए। दोनो पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया है।