कैडबरी बॉक्स न आने से उद्घाटन होने के बाद भी न्यू मॉडर्न पोस्टमार्टम हाउस अबतक शुरू नहीं हो सका है। इससे जहां एमबीबीएस के छात्रों का प्रैक्टिकल नहीं हो पा रहा है वहीं लाशें भी सुरक्षित नहीं हैं।
मेडिकल कॉलेज में मॉडर्न पोस्टमार्टम हाउस बनकर तैयार है। सीएमओ रविंद्र कुमार ने नए पोस्टमार्टम हाउस का बीते साल चार नवंबर को उद्घाटन भी किया था। इसके शुरू होने में हो रही देरी का कारण अधिकारी आचार संहिता बता रहे हैं। अस्पताल सूत्रों की मानें तो एक स्थानीय बड़े नेता से कुछ रास्ते के विवाद और कैडबरी बॉक्स के न आ पाने की वजह से अभी तक इसे चालू नहीं किया जा सका है। नए पोस्टमार्टम हाउस में शव को रखने वाला कैडबरी बॉक्स उच्च स्तर का होगा। इसके अंदर शव तीन से चार दिन तक आराम से रखे जा सकते हैं। इससे शव सड़ेंगे नहीं। वहीं, नए पीएम हाउस में म्यूजियम होम बना है। यहां विसरा सुरक्षित रखा जाएगा। पुराने पीएम हाउस में विसरा सुरक्षित रखने की समस्या थी। नए हाउस में वीडियोग्राफी रूम बनाया गया है। जहां से शव को पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी होगी। एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान एटॉनमी विभाग में शव के अभाव से प्रैक्टिकल नहीं हो पा रहा था। यह दिक्कत भी दूर हो जाएगी।
नए पोस्टमार्टम हाउस में मिलेंगी ये सुविधाएं
चिकित्सा अधिकारी कक्ष, विसरा कक्ष, पोस्टमार्टम कक्ष, एक्सरे कक्ष, डेडबॉडी स्टोर, पुलिस कक्ष, कार्यालय, चेंज रूम टॉयलेट, मोर्चरी अटेंडेंट कक्ष, रिकॉर्ड रूम, सेमिनार कक्ष/म्यूजियम रूम, फोटो ग्राफी रूम
मॉडर्न पोस्टमार्टम हाउस तैयार है। शव के रखने वाला कैडबरी बॉक्स अभी नहीं आ पाया है। चुनाव बाद मंगवा लिया जाएगा। आने वाले कुछ दिनों में उम्मीद है कि यहां पोस्टमार्टम किया जा सकेगा।
-आईवी विश्वकर्मा, प्रभारी सीएमओ।