टिकट रिजर्व कराने के लिए काउंटर पर लगी भीड़।
- फोटो : Amar Ujala
दशहरा के चलते ट्रेनों के फुल होने के बीच बड़ी मुश्किल से किसी तरह कन्फर्म टिकट हासिल करने वाले मुसाफिरों ने सोचा भी न होगा कि उनका सफर भी दुश्वारियों से भरा होगा। रविवार को दिल्ली की ओर से आने वाली वैशाली एक्सप्रेस और गोरखधाम एक्सप्रेस 12 से 13 घंटे देर से पहुंची। पेंट्रीकार न होने से गोरखधाम के यात्री भूख, प्यास से तड़प उठे। स्टेशनों पर जो भी मिला, उसी से उन्हें संतोष करना पड़ा।
अलीगढ़ स्टेशन पर इस समय नान इंटरलॉकिंग का कार्य चल रहा है। इसके चलते दिल्ली से आने वाली ट्रेनों को घुमाकर मुरादाबाद रूट से रवाना किया जा रहा है। दो दिनों से वीआईपी ट्रेन वैशाली और गोरखधाम एक्सप्रेस 10 घंटे से ज्यादा विलंब से आ रही हैं। रविवार को भी दोनों ट्रेनें करीब 13 घंटे की देरी से आई। स्टेशन पर वैशाली एक्सप्रेस से बिहार जाने वाले यात्रियों को काफी सांसत झेलनी पड़ी। सुबह स्टेशन आए कुछ यात्रियों ने दोपहर तक इंतजार करने के बाद टिकट वापस कर दिए। यात्रियों को रिसीव करने आए लोगों की भीड़ पूरे दिन पूछताछ केंद्र पर डटी रही।
भूखे रहकर करना पड़ा सफर
पहले पता होता तो गोरखधाम से आता ही नहीं। पार्ट जर्नी करके इससे पहले पहुंच जाता। ट्रेन में पेंट्रीकार न होने से पूरे दिन भूखे रहना पड़ा। 14 घंटे का सफर 24 घंटे में पूरा हुआ।
- सुशील, रुस्तमपुर
टिकट कैंसिल करा दिया
बरौनी जाने के लिए वैशाली एक्सप्रेस से टिकट बुक कराया था। स्टेशन पहुुंचा तो पता चला कि ट्रेन लेट है। दोपहर में जब यह पता चला कि ट्रेन रात में आएगी तो टिकट कैंसिल करा दिया।
- रत्नेश पांडेय, बुद्ध बिहार पार्ट सी