रेलवे की गलत सूचनाएं यात्रियों के लिए मुसीबत बनती जा रहीं हैं। रविवार को दिल्ली जाने वाली आनंद विहार जाने वाली स्पेशल ट्रेन की सही सूचना न मिलने से यात्री परेशान हो गए। रेलवे की ऑनलाइन व्यवस्था पर ट्रेन की सूचना ही अपडेट नहीं थी और स्टेशन पर भी प्लेटफॉर्म की गलत जानकारी दी गई। ऐन मौके पर प्लेटफॉर्म बदलने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
गोरखपुर से आनंद विहार स्पेशल सुबह साढ़े पांच बजे से जाती है। स्टेशन के पूछताछ केंद्र पर ट्रेन के प्लेटफॉर्म पांच से जाने की सूचना दी गई। इसी बीच किसी ने यात्रियों को बताया कि ट्रेन प्लेटफॉर्म चार से जाएगी। यात्री सामान लेकर पहुंचे तो बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस खड़ी थी। डेढ़ घंटे बाद इसके प्लेसमेंट पर आनंद बिहार स्पेशल आई, जिसमें चढ़ने के लिए बड़ी संख्या में यात्री टूट पडे़ तो अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
ट्रेन से जाने वाली यात्री सुधा सिंह ने बताया कि उन्होंने रेलवे की ऑनलाइन व्यवस्था ट्रेन रनिंग स्टेटस पर चेक किया तो ट्रेन के बारे में नो रिजल्ट दिखा रहा था। भीड़ में एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म जाना आसान नहीं था।
एनाउंस भी नहीं हुआ
आनंद विहार स्पेशल के बारे में एनाउंस ही नहीं किया गया। सिर्फ एक ट्रेन बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के बारे में आधे घंटे तक लगातार एनाउंस होता रहा। हाल यह था कि ट्रेन के जाने के बाद भी देर तक एनाउंस हुआ कि ट्रेन खड़ी है।