एटीएम में रकम का सूखा खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। स्थिति यह है कि रकम नहीं होने की वजह से शनिवार को भारतीय स्टेट बैंक के कई एटीएम के शटर गिरे रहे। भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से कैश की आपूर्ति नहीं होने से आ रही दिक्कत। यह समस्या बरकरार रहने की आशंका है।
पिछले कई दिनों से शहर के लोग एटीएम का चक्कर लगाने के बाद खाली हाथ वापस लौट जा रहे हैं। शनिवार को यह स्थिति और भी खराब रही। लोग दिन भर एक एटीएम से दूसरे एटीएम चक्कर लगाते रहे। किसी एटीएम में पैसे नहीं मिले तो किसी एटीएम के शटर गिरे रहे। सूर्यविहार, तिवारीपुर, बेतियाहाता समेत कुछ इलाकों में एटीएम के शटर गिरे रहे। लोगों की परेशानी इस बात को लेकर सबसे ज्यादा रही कि किसी भी एटीएम पर रकम की उपलब्धता की जानकारी नहीं दी जा रही थी। बैंक के अधिकारियों के अनुसार लोगों को यह परेशानी कुछ दिन और झेलनी पड़ेगी।
अपना ही पैसा नहीं निकाल पा रहे
बहुत ही खराब स्थिति है। बैंक में जमा अपना पैसा भी नहीं निकाल पा रहे हैं। शनिवार को कई एटीएम का चक्कर लगाने के बाद भी रकम नहीं पा सके। पैसे नहीं होने की वजह से काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
आसिफ अली, इलाहीबाग
गिरे रहे कई एटीएम के शटर
शनिवार को काफी परेशान रहे। पैसे निकालने के लिए सूर्य विहार, तिवारीपुर समेत कई इलाकों में गए, लेकिन एटीएम के शटर गिरे होने की वजह से काफी परेशानी रही।
सुजीत कुमार, सूरजकुंड
आरबीआई से रकम नहीं आने की वजह से शनिवार को रुपयों की किल्लत रही। इस वजह से एटीएम के शटर बंद रहे। सोमवार को रकम आने की संभावना है। इसके बाद ही एटीएम की स्थिति ठीक हो सकेगी।
- आरसी दुबे, एटीएम प्रभारी, एसबीआई