देश में प्याज को लेकर हाय-तौबा मची है और इसी बीच तस्करी कर प्याज को नेपाल बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डीआरआई की गोरखपुर व लखनऊ की संयुक्त टीम ने जांच के बाद नौतनवां के व्यापारी सन्नी कुमार मद्धेशिया को बृहस्पतिवार की सुबह 5.20 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि रोक के बावजूद 29 सितंबर और एक अक्तूबर को प्याज से भरे ट्रक नेपाल भेजे गए हैं। डीआरआई की टीम को आरोपी ने पूछताछ में कई और लोगों के नाम बताए हैं, जिनकी तलाश तेज कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, नौतनवां के व्यापारी सन्नी मद्धेशिया प्याज निर्यात का काम करते हैं लेकिन भारत में प्याज का कीमत बढ़ने के बाद इस पर रोक लगा दी गई थी। डीआरआई को गोपनीय सूचना मिली थी कि रोक के बीच भी कई लोग तस्करी कर प्याज को नेपाल भेजने का काम कर रहे हैं।
गोपनीय रिपोर्ट के आधार पर डीआरआई ने जांच शुरू की तो नौतनवां के व्यापारी का नाम सामने आया था। पता चला कि भारत सरकार की ओर से निर्यात पर 29 सितंबर को ही रोक लगा दी गई थी लेकिन इसके बाद भी 30 सितंबर और एक अक्तूबर को आरोपी सन्नी ने 3600 क्विंटल प्याज को तस्करी कर नेपाल में निर्यात कर दिया।
डीआरआई अफसरों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने कई और लोगों के नाम बताए हैं। उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ा जाएगा।