सर्किट हाउस रोड पर बेकाबू कार से कुचलकर युवक की मौत
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस रोड पर शनिवार शाम तेज रफ्तार कार से कुचलकर युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक, कार लेकर भागने लगा लेकिन पुलिस ने नौका विहार के पास पकड़ लिया। पुलिस कार चालक के लाइसेंस आदि की जांच कर रही है।
मृतक विनोद राव (28) देवरिया जिले के बघौच घाट थाना क्षेत्र के पकहा गांव के स्थायी निवासी थे। शनिवार शाम चार बजे के करीब विनोद बाइक से सर्किट हाउस की ओर जा रहे थे, इसी दौरान तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गए। हादसे के बाद कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही कार का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर कार चालक को पकड़ लिया। विनोद इंदिरा नगर में किराए का कमरा लेकर अपनी मां गिरजा देवी, पत्नी अन्नू व चार साल के बेटे अभय के साथ रहते थे। बृहस्पतिवार को विनोद की पत्नी अपने बेटे के साथ नंदाछापर स्थित मायके चली गई थी। नौका विहार चौकी इंचार्ज शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि चालक को कार सहित पकड़ लिया गया है। जांच की जा रही है।