लूट की फर्जी सूचना देकर चोरी कर लिए थे रुपये, गिरफ्तार
गोरखपुर। चौरीचौरा के भोपाबाजार स्थित देशी शराब की दुकान से 2.26 लाख रुपये की लूट बदमाशों ने नहीं की थी। मुनीम पिता की जगह तीन दिन के लिए काम करने आए युवक ने खुद ही रुपये चोरी कर पुलिस को लूट की सूचना दे दी थी। युवक जब तहरीर देने थाने पहुंचा तो उसकी बातों से पुलिस को शक हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो सारी कहानी खुल गई। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर देवरिया के रामपुर कारखाना स्थित घर से रुपये बरामद कर लिए।
मंगलवार को पुलिस लाइंस में लूट का पर्दाफाश करते हुए एसपी नार्थ अरविंद कुमार पांडेय और सीओ चौरीचौरा सुमित शुक्ला ने बताया कि झंगहा के सिंहपुर की रहने वाली आशा सिंह की चौरीचौरा के भोपाबाजार में देशी शराब की लाइसेंसी दुकान है। दुकान पर देवरिया के रामपुर कारखाना स्थित मदरापाली निवासी रामनगीना कई वर्षों से मुनीम का काम करते हैं। तीन दिन पूर्व वह बाबा धाम गए थे। उनकी जगह पर उनका बेटा शैलेंद्र मुनीम का काम कर रहा था। वह दुकान पर ही सोता था। रविवार को शराब की बिक्री अच्छी हुई थी। कैशबॉक्स में 2.26 लाख रुपये देख उसके मन में लालच आ गया। उसने सोमवार की सुबह होते ही रुपये अपने एक साथी की मदद से घर भेज दिए और मालिक को फोन कर लूट की जानकारी दी। इसके बाद युवक ने पुलिस को 100 नंबर पर सूचना दी। पुलिस को जांच में मामला संदिग्ध लगा। युवक जब तहरीर देने आया तो पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में युवक ने रुपये गायब करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने शैलेंद्र को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।ेे