रीजनल स्टेडियम में खेली जा रही कुश्ती प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर रेलवे के ओमप्रकाश यादव ने गोरखपुर के आशुतोष तिवारी को हराकर उत्तर प्रदेश केसरी का खिताब अपने नाम कर लिया। भारत भीम जनार्दन सिंह उप्र केसरी व सीनियर स्टेट कुश्ती चैंपियनशिप के अंतिम दिन विभिन्न भार वर्गों का फाइनल खेला गया।
उत्तर प्रदेश केसरी के पहले सेमीफाइनल में गोरखपुर के आशुतोष ने गाजियाबाद के सुमित को पटखनी देकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में पूर्वोत्तर रेलवे के ओमप्रकाश यादव ने देवरिया के जितेंद्र सिंह को हराया। फाइनल में ओमप्रकाश ने आशुतोष को शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा कर लिया। इससे पहले जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष दिनेश सिंह पहलवान ने अतिथियों का स्वागत किया व संयोजक आदित्य प्रताप सिंह ने आभार जताया। इस अवसर पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अरुणेंद्र कुमार पांडेय, शीतल पांडेय, भारत केसरी जगदीश कालीरमन, भगत पहलवान, पन्नेलाल यादव, रामाश्रय यादव, इं. श्रवण सिंह, बृजभूषण सिंह, जनार्दन सिंह पहलवान, धीरज सिंह हरीश, मनीष सिंह पार्षद, मायाशंकर शुक्ल आदि मौजूद रहे।
विजेता को दिया चांदी का गदा
सांसद आदित्यनाथ ने भारत भीम जनार्दन सिंह की स्मृति में उत्तर प्रदेश केसरी का खिताब जीतने वाले ओमप्रकाश यादव को 31 हजार रुपये नकद व चांदी का गदा दिया। वहीं उपविजेता ओमप्रकाश को योगेश्वर सिंह की स्मृति में 21 हजार रुपये नकद प्रदान किया। इसके अलावा रियो ओलंपिक में भारतीय कुश्ती टीम के कोच चंद्रविजय सिंह को साफा बांधकर व अंगवस्त्र देकर आयोजकों की ओर से सम्मानित किया गया।
अंतिम दिन के परिणाम
फ्री स्टाइल कुश्ती के 57 किग्रा भारवर्ग में मुजफ्फरनगर के मयंक चौधरी प्रथम, संतकबीरनगर के रामसागर चौधरी द्वितीय, महराजगंज के नीतीश यादव और सिकंदर सोनकर तृतीय रहे। 61 किग्रा में गोंडा के अभिमन्यु प्रथम, बागपत के विकास द्वितीय, वाराणसी के मोहित यादव और गोंडा के गोविंद यादव तृतीय स्थान पर रहे। 74 किग्रा में वाराणसी के सचिन गिरी प्रथम, गोरखपुर छात्रावास के शिवकुमार द्वितीय, अंबेडकरनगर जीशान बेग और बागपत के सचिन राठी तृतीय स्थान पर रहे। ग्रीको रोमन के 65 किग्रा भारवर्ग में आजमगढ़ के गोपाल यादव प्रथम, गोंडा के संजय यादव द्वितीय, महराजगंज के शैलेष यादव और गोंडा के अमन तीसरे स्थान पर रहे। 71 किग्रा में गाजियाबाद के अंकित कुमार पहले, बलरामपुर के महेंद्र प्रताप सिंह दूसरे, डीएलडब्ल्यू के वीरेंद्र पटेल और शामली के शुभम पवार तीसरे, 75 किग्रा में शामली के लवकेश यादव पहले, एनईआर के जितेंद्र सिंह दूसरे, सैफई के विकास और वाराणसी के सुनील कुमार तीसरे स्थान पर रहे। 80 किग्रा में एनईआर के अमरनाथ पहले, गौतमबुद्धनगर के शेरपाल दूसरे, सैफई के विकास पटेल और आजमगढ़ के अनुज यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया।