उत्तर प्रदेश के महाराजगंज चौक थाना क्षेत्र स्थित ग्राम रमहौली के टोला दुमरभार में रहने वाली वृद्धा खोतरा देवी(60) गंभीर रूप से जल गईं। हालत गंभीर देख परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल भेजा जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक खोतरा देवी झोपड़ी में रहती हैं। झोपड़ी के पास पशु भी बांधे जाते हैं। शुक्रवार की देर रात उन्होंने पशुओं को मच्छर से बचाने के लिए आग जलाई और सोने चली गईं। कुछ देर बाद झोपड़ी में आग लग गई जिससे झोपड़ी जलने लगी।
आग की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से जल गईं, परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल भेजा जहां उनकी शनिवार की सुबह मौत हो गई। घटना में पशु भी जल गए हैं। थानाध्यक्ष रामसहाय चौहान ने कहा कि महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई है।