शहर को जाम से निजात दिलाने में प्रशासन की असली परीक्षा सोमवार को होगी। हालांकि इस दिन जाम न लगे, इसके लिए रविवार को एसपी ग्रामीण बृजेश सिंह और एसपी ट्रैफिक श्रीप्रकाश द्विवेदी ने कालेसर, नौसड़, बाघागाड़ा, रामपुर कड़जहां और जगदीशपुर में बने नो एंट्री प्वाइंट का निरीक्षण किया।
इस दौरान ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे नो एंट्री के वक्त भारी वाहनों को शहर में प्रवेश न करने दें। हालांकि अभी तक बैरियर न लगने से सिपाहियों को परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। शहर में सोमवार को लगने वाले जाम प्रशासन के लिए भी चुनौती बन गया है। शहर को जाम से बचाने के लिए अब तक की गई सारी कोशिशों का पता इसी दिन चलेगा।
12 टेंपो, दो बसों का हुआ चालान
परिवहन विभाग की टीम ने रविवार को काले रंग के टेंपो और डग्गामार बसों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान नो एंट्री पार कर शहर में प्रवेश करने वाले 12 टेंपो और प्रतिबंधित एरिया में सवारियां भरते दो डग्गामार बसों का चालान किया गया।
नो एंट्री प्वाइंट पर बैरियर लगाने का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा। सोमवार को जाम न लगे, इसकी पूरी तैयारी की गई है।
- श्रीप्रकाश द्विवेदी, एसपी ट्रैफिक