आवंटन के बाद भी विधि छात्रों को कमरे का कब्जा न मिलने का मामला सामने आने के बाद गोरखपुर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी करते हुए अवैध तरीके से रह रहे सभी छात्रों को सात जून तक हॉस्टल खाली करने का अल्टीमेटम दिया है।
निर्देश में साफ कहा गया है कि सभी हॉस्टलर्स तय तिथि तक अपना कमरा खाली कर चाभी कार्यालय को सौंप दें। ऐसा न करने पर आदेश की अवहेलना मानी जाएगी और पुलिस-प्रशासन की मदद से कमरा खाली कराया जाएगा और ऐसे छात्रों के कक्ष का नवीनीकरण भी भविष्य में नहीं किया जाएगा। सिर्फ इतना ही नहीं, ऐसे छात्रों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान कमरों में रखे सामान भी जब्त कर लिए जाएंगे।
स्वामी विवेकानंद हॉस्टल के वार्डेन प्रो. जितेंद्र तिवारी ने बताया कि आठ जून को पुलिस बल के साथ हॉस्टल खाली करने की कार्रवाई की जाएगी, जो यूनिवर्सिटी का विद्यार्थी नहीं है, उसे किसी कीमत पर हॉस्टल में नहीं रहने दिया जाएगा। संतकबीर हॉस्टल के अधीक्षक डॉ. एके दीक्षित ने बताया कि हॉस्टल खाली कराने के बाद उसकी व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी और फिर आवंटित कक्षों का नवीनीकरण और नया आवंटन किया जाएगा।