मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग के अध्यक्ष को औचक निरीक्षण में न्यू नेटल यूनिट (एनएनयू) की आधा दर्जन नर्सें ड्यूटी से गायब मिलीं, साथ ही जूनियर डॉक्टर भी यूनिट से नदारद मिले। विभागाध्यक्ष ने इसे गंभीरता से लेते हुए नर्सों को सेवा समाप्ति की नोटिस भेजी है, जबकि जूनियर डॉक्टरों को अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पिछले कई दिनों से विभागाध्यक्ष डॉ. महिमा मित्तल को एनएनयू से यह शिकायत मिल रही थी कि ड्यूटी को लेकर नर्स और जूनियर डॉक्टर लापरवाही बरत रहे हैं। डॉ. महिमा ने शिकायत की तस्दीक करने दो दिन पूर्व एनएनयू का औचक निरीक्षण किया तो करीब आधा दर्जन नर्स हाजिरी बनाकर गायब थीं। जूनियर डॉक्टरों की स्थिति की पड़ताल के लिए उन्होंने एक टीम उसी दिन देर रात में भेजी तो वे भी मौके से नदारद मिले।
नाराज विभागाध्यक्ष ने मंगलवार को दोनों को ही नोटिस थमा दी। इसकी जानकारी जब एनएनयू के अन्य नर्सों और डॉक्टरों को मिली तो उनमें ड्यूटी को लेकर मंगलवार की शाम से विशेष सतर्कता देखी गई।