गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन का परिणाम आने के अगले दिन यानी सात फरवरी को ही विधानसभा चुनाव के छठवें चरण के लिए अधिसूचना जारी हो जाएगी। इसी के साथ जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामांकन शुरू हो जाएंगे। प्रत्याशियों को पर्चा दाखिल करने के लिए सात दिन का मौका मिलेगा। 14 फरवरी नामांकन की अंतिम तिथि है। 16 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 18 तक नाम वापस लेने का मौका मिलेगा। चार मार्च को जिले के सभी 3705 बूथों पर मतदान होंगे और 11 मार्च को मतगणना।
नामांकन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। कलेक्ट्रेट की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इस दौरान पीछे के दोनों गेट (सदर तहसील और आबकारी के पास) बंद कर दिए जाएंगे। कचहरी चौराहे के पास वाले मुख्य द्वार से प्रत्याशियों और उनके प्रस्तावकों को एंट्री दी जाएगी और शास्त्री चौक वाले द्वार से बाहर निकाला जाएगा। इस दौरान कलेक्ट्रेट के अफसरों-कर्मचारियों और पुलिस बल के अलावा सिर्फ प्रत्याशियों और उनके प्रस्तावकों को ही एंट्री मिलेगी। कोई भी प्रत्याशी वाहन लेकर कलेक्ट्रेट के भीतर नहीं दाखिल हो पाएगा।
विधानसभा नामांकन स्थल
320 कैंपियरगंज- एडीएम (प्रशासन)कोर्ट, कक्ष संख्या पांच
321 पिपराइच- एएसडीएम (सदर) कोर्ट, कक्ष संख्या एक
322 गोरखपुर शहर- सीआरओ कोर्ट, कक्ष संख्या दो
323 गोरखपुर ग्रामीण- उप संचालक चकबंदी कोर्ट, कक्ष संख्या तीन
324 सहजनवां- एडीएम (फाइनेंस) कोर्ट, कक्ष संख्या चार
325 खजनी- डीएम कोर्ट, कक्ष संख्या छह
326 चौरीचौरा- बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी कोर्ट, कक्ष संख्या सात
327 बांसगांव- बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी कोर्ट, कक्ष संख्या आठ
328 चिल्लूपार- चकबंदी अधिकारी रुस्तमपुर कोर्ट, कक्ष संख्या नौ