गोरखनाथ एयरपोर्ट के नामकरण के साथ ही शहरवासियों को नए टर्मिनल का तोहफा मिल गया है। आधुनिक सुविधा-संसाधनों से लैस टर्मिनल इसी सप्ताह एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया को हैंडओवर कर दिया जाएगा। इसके बाद गोरखपुर से नई दिल्ली या फिर गोरखपुर से कोलकाता जाने वाले यात्रियों को नए टर्मिनल पर बैठाया जाएगा। नए टर्मिनल से ही एयरपोर्ट के आंतरिक हिस्से (रनवे) में जाने और जहाज पर सवार होने की अनुमति दी जाएगी।
कैबिनेट की मीटिंग में मंगलवार को गोरखपुर एयरपोर्ट का नाम बदलने पर मुहर लगा दी गई। अब इसे गोरखनाथ एयरपोर्ट के नाम से जाना जाएगा। इससे पहले ही नए टर्मिनल के बनकर तैयार होने की जानकारी सामने आ गई। एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया के महाप्रबंधक राजगुरु जैन ने बताया कि नए टर्मिनल पर करीब 100 यात्रियों के बैठने का इंतजाम रहेगा। बेहतर कैंटीन खुलेगी। वातानुकूलित टर्मिनल में आरामदायक कुर्सियां लगी हैं। जनप्रतिनिधियों के लिए वीआईपी लाउंज बनाए गए हैं।
महाप्रबंधक ने बताया कि पुराने टर्मिनल पर करीब 25 यात्री ही बैठ पाते हैं। कुर्सियां भी पुरानीं थीं। इससे यात्रियों को दिक्कत होती थी। इस एयरपोर्ट से एयर इंडिया की 70 सीटर फ्लाइट नई दिल्ली जाती है, जबकि स्पाइस जेट की एक फ्लाइट नई दिल्ली और कोलकाता जाती है। फ्लाइट को पर्याप्त लोड मिल रहा है। इनका संचालन रोजाना होता है।