पूर्वोत्तर रेलवे के प्रस्ताव को रेल बजट में मंजूरी मिली तो मुंबई और दिल्ली का सफर आसान हो जाएगा। प्रस्ताव में गोरखपुर से दिल्ली और मुंबई के लिए रोजाना चलाने के लिए दो ट्रेनों की मांग की गई है। दूसरे स्टेशनों से तीन नई ट्रेनों को चलाने की तैयारी की जा रही है।
गोरखपुर से दिल्ली और मुंबई जाने वाले यात्रियों की संख्या बहुत ज्यादा है। इन दोनों रूटों की ट्रेनों में सीट को लेकर आए दिन मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। दिल्ली के लिए प्रतिदिन सिर्फ एक ट्रेन गोरखधाम एक्सप्रेस है, एक स्पेशल ट्रेन आनंद विहार के लिए चल रही है। जबकि मुंबई के लिए चार ट्रेनें चल रही हैं। लेकिन किसी ट्रेन में भी सीटें खाली नहीं हैं। इसे देखते हुए नई ट्रेनों को चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
रेलवे के भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक रेलवे बोर्ड को भेजे गए प्रस्ताव में गोरखपुर से दिल्ली, लखनऊ से मुंबई और गोरखपुर से मुंबई के लिए एक-एक नई ट्रेन, लालकुआं से नई दिल्ली, गोरखपुर से पुरी के लिए एक नई ट्रेन चलाने की तैयारी भी की गई है। सप्ताह में एक दिन बंगलूरू चलने वाली गोरखपुर-बंगलूरू एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। दिल्ली और मुंबई की सभी ट्रेनों में एसी 2, एसी 3, स्लीपर और जनरल श्रेणी के 21 कोच लगाए जाएंगे।