नेपाल सरकार ने धार्मिक पुस्तकों पर भी दस फीसदी आयात शुल्क लगा दिया है। गीताप्रेस के ट्रस्टियों ने सीएम योगी आदित्यनाथ के सामने इस मुद्दे के अलावा डाक विभाग की लापरवाही के संबंध में भी शिकायत कर इसे दुरुस्त करने की मांग की।
गुरुवार को गीताप्रेस के ट्रस्टी देवीदयाल अग्रवाल और लालमणि तिवारी ने गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। गीताप्रेस में पहली बार प्रकाशित शिवमहापुराण सटीक के दोनों खंड भेंट किए। साथ ही नेपाल सरकार द्वारा धार्मिक पुस्तकों पर दस फीसदी आयात शुल्क लगाने के संबंध में चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संबंध में नेपाल के राजदूत से चर्चा हुई है। वहीं संचार मंत्री के संज्ञान में मामले को रखा गया है। बताया गया है कि उनके स्तर पर भी कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही इस संबंध में कार्रवाई की जानकारी मंत्रालय की ओर से भेजी जाएगी।
वहीं ट्रस्टियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि डाक विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से कल्याण का साधारण अंक पाठकों तक नहीं पहुंच रहा है। गोविंद गोशाला में भी जलभराव की वजह से काफी दिक्कत हो रही है। मुख्यमंत्री से इन्हें दूर करने की मांग की।