सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पटियाला जेल जा रहे मुजफ्फरपुर शेल्टर होम मामले के मुख्य आरोपी बृजेश ठाकुर की तबीयत सीवान के पास बिगड़ गई। आम्रपाली एक्स में सीने में दर्द की शिकायत पर साथ चल रहे पुलिस के जवानों ने गोरखपुर कंट्रोल रूम को सूचना दी।
आनन-फानन में गोरखपुर स्टेशन पर रेलवे अस्पताल से डॉक्टर को बुलाकर बृजेश की ट्रेन में ही जांच कराई गईं। जांच के बाद जरूरी दवाएं देकर बृजेश को उसी ट्रेन से रवाना कर दिया गया। बताया जाता है कि बृजेश स्टेशन पर उतरना चाहता था, पर डॉक्टरों ने इसकी जरूरत से इनकार कर दिया।
इस संबंध में यात्री मित्र ने बताया कि एस 4 के 34 नंबर बर्थ पर पुलिस कस्टडी में बृजेश ठाकुर को जांच के बाद जरूरी दवा दी गई। इससे उसे आराम मिल गया। बृजेश को भागलपुर विशेष केंद्रीय कारागार (कैंप जेल) से पंजाब की पटियाला जेल भेजा गया है।