लापता बुजुर्ग का हत्या कर फेंका गया शव मिला
बांसगांव (गोरखपुर)। शुक्रवार से घर से लापता डाडीरावत गांव निवासी रामसकल का आमी नदी के धोबहा घाट के पास हत्या कर फेंका गया शव मिला। पुलिस ने बेटे दिलीप यादव की तहरीर पर रीना देवी और विनोद यादव के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि समूह के रुपये के लेनदेन को लेकर रीना और रामसकल के बीच विवाद था जिस वजह से रीना ने रिश्तेदार के साथ मिलकर हत्या की है।
जानकारी के मुताबिक रामसकल शुक्रवार को घर से पशुओं को लेकर निकले थे। रविवार शाम उनका शव मिला था। पोस्टमार्टम में सिर पर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई। सोमवार को बेटे दिलीप ने थाने में तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया। थाने में बेटे द्वारा दर्ज कराए गए केस के मुताबिक रीना देवी समूह चलाती हैं और कर्ज पर रुपये देती हैं। पिता का उनसे रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद था।