गोलघर स्थित जलकल परिसर में निर्माणाधीन शहर की पहली मल्टीलेवल पार्किंग के डिजाइन में बदलाव को मंजूरी मिल गई है। एक तल और बढ़ाया गया है। जिससे व्यावसायिक गतिविधियों वाले क्षेत्र में और बढ़ोत्तरी हो गई है। हालांकि पार्किंग का एरिया घट गया है। 383 की जगह अब 315 वाहन ही खड़े हो सकेंगे। मल्टीलेवल पार्किंग अब बेसमेंट समेत सात तल की होगी।
डिजाइन में बदलाव के बाद व्यावसायिक गतिविधियों के लिए चार हजार वर्ग मीटर जगह सुरक्षित की गई है। प्राधिकरण इनमें दुकान, रेस्त्रां आदि खोलकर आवंटित करेगा। सूत्रों के मुताबिक मल्टीलेवल पार्किंग बहुत नहीं चल पाने की दशा में उसके रख-रखाव का संकट न खड़ा हो इसलिए व्यावसायिक गतिविधियां भी संचालित करने का निर्णय किया गया है।
जीडीए उपाध्यक्ष ए. दिनेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के पिछले दौरे में उन्हें पार्किंग की प्रगति रिपोर्ट के साथ ही बदले डिजाइन को भी दिखाया गया था। जिसे उन्होंने स्वीकृति दे दी। गौरतलब है कि जाम से निजात दिलाने तथा पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए गोलघर स्थित जलकल परिसर में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। शासन की ओर से इसके लिए लगभग 25 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। जीडीए को इसके निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।