गोरखपुर। गोरखपुर-महराजगंज स्थानीय निकाय एमएलसी चुनाव में शनिवार को तीन लोगों ने नामांकन किया। सपा प्रत्याशी जयप्रकाश यादव ने चम्पा देवी पार्क से समर्थकों सहित कलेक्ट्रेट में पहुंच कर अपना पर्चा दो सेटों में दाखिल किया। वहीं सपा के पूर्व प्रदेश सचिव कुंअर प्रताप सिंह ने भी समर्थकों सहित दो सेटों में पर्चा दाखिल किया। जबकि महराजगंज से सपा के पूर्व सचिव विजय कुमार कश्यप ने समर्थकों सहित आकर अपना पर्चा भरा। सभी ने जनता और पंचायत प्रतिनिधियों के हितों के लिए संघर्ष की बात कही।
सपा प्रत्याशी जयप्रकाश यादव के नामांकन से पहले समर्थक बड़ी संख्या में चंपा देवी पार्क में एकत्रित हुए। इसमें गोरखपुर-महराजगंज जनपद के पंचायत प्रतिनिधि और सपा नेता शामिल हुए। उन्होंने दो सेटों में 20 प्रस्तावों के साथ अपना पर्चा दाखिल किया। नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मंत्री रहते उन पर किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं लगा था। कहा कि जाति, धर्म से ऊपर उठ कर हर वर्ग और हर धर्म के लोग उनके साथ पूरे उत्साह से खड़े हैं।
सपा के पूर्व प्रदेश सचिव कुंअर प्रताप सिंह ने शनिवार को अपने समर्थकों सहित पहुंच कर दो सेट में पर्चा दाखिल किया। नामांकन के बाद कुंवर प्रताप सिंह ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों और आम जनता की आवाज सदन में उठाने तथा जनता के हितों के लिए चुनाव मैदान में हैं। वह लंबे समय से जनता के सवाल पर आवाज बुलंद करते रहे हैं। उन्हें डर है कि प्रशासन उनके साथ कोई धोखा कर सकता है।
नामांकन के बाद एडीएम प्रशासन ने उनसे सभी प्रस्तावकों के नाम, पिता का नाम, गांव थाना सादे कागज पर लिख कर मांगा। उसे देने के बाद जब अधिकारी से पूछा क्या इस तरह लिख कर देने का प्रावधान है तो कहा गया कि ऐसा है। इस तरह का निर्देश ऊपर से है। उन्हें आशंका है कि इसके पीछे कोई षडयंत्र है और प्रशासन कोई खेल कर सकता है।
सपा के ही महराजगंज जिले के पूर्व जिला सचिव विजय कुमार कश्यप ने अपना पर्चा दाखिल किया। उन्होंने कहा कि जो भी अब तक एमएलसी बना उसने पंचायत प्रतिनिधियों की सुध नहीं ली। वह यदि चुनाव जीते तो हर गांव में एक पंचायत भवन का निर्माण कराएंगे। बहुत से गरीब प्रधान तो बन जाते हैं पर उसके घर बैठने की जगह नहीं होती है। हर पूर्व प्रधान को पेंशन दिलाने के लिए संघर्ष करेंगे।
सपा प्रत्याशी के नामांकन में उमड़ा हुजूम
गोरखपुर। सपा प्रत्याशी जयप्रकाश यादव के नामांकन में जिलाध्यक्ष डॉ. मोहसिन खां, जिला पंचायत अध्यक्ष गीतांजलि यादव, जमुना यादव, कृष्ण कुमार त्रिपाठी, पूर्व सांसद भालचंद यादव, पूर्व सांसद अखिलेश सिंह, विधायक सुदामा प्रसाद, राजमति निषाद, जफर अमीन डक्कू, जियाउल इस्लाम, शादाब आलम, शकील शाही, रजनीश यादव, संजय यादव, रामनारायन गुप्ता भोला, संजय सिंह, पंकज शाही, हरेंद्र यादव, ललिता यादव, राजेश यादव, राधेश्या सिंह, चंद्रबली यादव, योगेंद्र चौहान, बबलू सिंह सहित अन्य कई लोग थे।
करोड़पति प्रत्याशी के पास नहीं है गाड़ी
गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के घोषित प्रत्याशी जयप्रकाश यादव करोड़पति हैं, पर उनके पास अपनी कोई चारपहिया गाड़ी नहीं है। उनके पास दो करोड़ पांच हजार की चल-अचल संपत्ति है। उनके पास असलहे के नाम पर एक रिवाल्वर है। उनके मूल गांव में 20 लाख की खेती की जमीन और दिल्ली में फ्लैट है। उन पर एक आपराधिक मुकदमा बेलघाट थाने में दर्ज है।
क्या है सपा प्रत्याशी की संपत्ति
सकरदेइया उनका मूल गांव है। वहां 1.5 एकड़ परिवार की जमीन की कीमत 20 लाख रुपये, सहजनवां के पास बोक्टा में आवास कीमत 30 लाख, सकर देइया में भी आवास, दिल्ली के प्रेमपुरा में एक फ्लैट है, चल अचल संपत्ति कुल 2 करोड़ 5 हजार की है, एक रिवाल्वर की कीमत 50 हजार रुपये, इनका पेशा खेती और पशुपालन है, यह साक्षर हैं। इन पर बेलघाट थाने में 392, 323, 504,506, 427, का मुकदमा दर्ज है। इनके पास नकद 38,753 हैं।
कुंअर प्रताप सिंह
कुंअर प्रताप सिंह भी करोड़पति हैं। उनकी शिक्षा इंटर तक की है, शहर में एक मकान पत्नी के नाम है, जिसकी कीमत 50 लाख है, गांव पर खेती योग्य जमीन जिसकी कीमत 50 लाख है। उनके पास एक गाड़ी है जिसकी कीमत छह लाख रुपये है, गांव का मकान करीब 30 लाख का है, उनके पास 80,000 रुपये नकद हैं। पत्नी के नाम से एक लाख के जेवरात हैं, खुद के पास बैंक में 2200 रुपये और पत्नी के पास 1700 रुपये हैं। उन पर दो आपराधिक मुकदमा है।
विजय कुमार कश्यप
महराजगंज जिले के निवासी विजय कुमार कश्यप की शिक्षा इंटर तक है। इन्होंने 21, 80 लाख रुपये लोन लिया था जिसमें सात लाख रुपये बकाया हैं। इनके पास लोन की बस और एक चारपहिया गाड़ी है। गांव पर मकान की कीमत 1.20 लाख रुपये है। बैंक में 1500 रुपये और नकद 40 हजार रुपये हैं।
कांग्रेस एमएलसी प्रत्याशी नहीं उतारेगी
गोरखपुर। जिलाध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में गोरखपुर-महराजगंज सीट से कांग्रेस पार्टी एमएलसी प्रत्याशी नहीं उतारेगी। जिला कांग्रेस कमेटी के मीडिया सेल के अध्यक्ष गोरखलाल श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्णय के बाद कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष डॉ. सैयद जमाल ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी नहीं उतारेगी, लेकिन किसी गंभीर, योग्य प्रत्याशी को समर्थन दिया जाएगा।
यह निर्णय सपा सरकार की गुंडागर्दी, बेइमानी और जोर जबरदस्ती के विरोध में लिया गया है। डॉ. जमाल ने कहा कि इस बार के बजट में पूर्वी उत्तरप्रदेश को पूरी तरह से निराश किया गया है। बजट में किसानों, युवाओं और शिक्षकों को मात्र झुनझुना दिया गया है। इस वजह से इस चुनाव में योग्य प्रत्याशी को समर्थन देने का फैसला लिया गया है।