गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन के छठे दिन सोमवार को सात प्रत्याशियों ने नामांकन किया तो वहीं 10 ने पर्चे लिए। पर्चा लेने वालों में देवेंद्र प्रताप सिंह, वीरेंद्र तिवारी, अवधेश कुमार यादव, डॉ. राकेश प्रकाश पांडेय, राम आधार विश्वकर्मा, संतोष चंद्र त्रिपाठी, सुशील यादव, अमित कुमार मिश्रा, जनार्दन मिश्रा, प्रभात सिंह के नाम शामिल हैं।
नामांकन के अंतिम दिन 12 से अधिक प्रत्याशियों के पर्चा दाखिल करने की उम्मीद है। इनमें निवर्तमान एमएलसी देवेंद्र सिंह चंपा देवी पार्क में सभा के बाद अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचेंगे तो वहीं पिछले चुनाव में दूसरे पायदान पर रहे डॉ संजयन त्रिपाठी सेंट एंड्रयूज कालेज से नामांकन करने पहुंचेंगे। सपा के डॉ. राजेश कुमार यादव भी आखिरी दिन ही पर्चा दाखिल करेंगे। एक साथ कई प्रत्याशियों के नामांकन की वजह से जहां नामांकन स्थल पर फोर्स बढ़ा दी गई है वहीं ट्रैफिक महकमे को भी सतर्क रहने को कहा गया है।
सोमवार को नामांकन करने वालों में अनिल कुमार श्रीवास्तव, मंजुलता, चंद्रभूषण मिश्रा, सिकंदर कुशवाहा, डॉ. अवधेश कुमार यादव, पूर्व डीजी सुब्रत त्रिपाठी, जयप्रकाश मिश्र के नाम शामिल हैं। सुबह 11 बजे नामांकन शुरू होते ही पर्चा दाखिल करने वालों का काफिला आने लगा। दोपहर दो बजे तक चार प्रत्याशी नामांकन कर चुके थे। इसके बाद तीन प्रत्याशी और पहुंच गए। नामांकन समाप्त होने का तय समय दोपहर तीन बजे हैं मगर तब तक इन प्रत्याशियों के नामांकन स्थल पर पहुंच जाने की वजह से शाम करीब चार बजे तक पर्चा दाखिल करने का मौका दिया गया।