लोकसभा चुनाव की रणभेरी बज चुकी है। अब तक जिले में किसी भी दल ने अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए है। इस बीच स्थानीय सांसद जगदंबिका पाल का विरोध उनके पार्टी के सहयोगी दल अपना दल एस के शोहरतगढ़ विधायक चौधरी अमर सिंह ने खुलकर शुरू कर दिया है। शुक्रवार को अपने कैंप कार्यालय पर प्रेस कांफ्रेस कर सांसद को दलित और पिछड़ा वर्ग का विरोधी बताया हैं।
कहा कि अगर एनडीए का नेतृत्व सांसद जगदंबिका पाल को टिकट देता हैं तो वह खुलकर उनका विरोध करेंगे। क्योंकि सांसद बाहरी हैं। एनडीए कार्यकर्ताओं की उपेक्षा वह करते आ रहे हैं। कहा कि अब तक डुमरियागंज लोकसभा सीट से आज तक एक भी पिछड़ा वर्ग का सांसद नहीं चुना गया है। ऐसे में एनडीए नेतृत्व को इस पर सोचने की जरूरत हैं।
आरोप लगाया कि और उनके खासमखास पांचों विधानसभाओं में कब्जा जमाए हुए है। जिले के हर विभागों में उनके खासमखास को ठेकेदारी मिलती है। यह बात पूरा जिला जनता है। दलितों, पिछड़ों और ब्राह्माणों के सांसद धुर विरोधी हैं। हालांकि उन्होंने एक सवाल पर यह भी कहा कि वह पूरी तरह से एनडीए के साथ है। अगर पार्टी प्रत्याशी नहीं बदलती है तो वह शीर्ष नेतृत्व से मांग करेंगे कि प्रचार के लिए दूसरे जिले में भेज दिया जाए।
एक सवाल के जवाब में कहा कि पिछले दो सालों से मैं सांसद का विरोध करता आ रहा हूं। अभी हाल में ही प्रभारी मंत्री के सामने भी शिकायत की थी। कहा कि अगर एनडीए का शीर्ष नेतृत्व किसी अन्य को टिकट देती है, तो खुलकर पार्टी का साथ दूंगा। कहा कि अगर सांसद जगदंबिका पाल को टिकट मिलता है तो मैं यह जान लूंगा कि इस सरकार में पिछड़ों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस बीच उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि वह लोकसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं।