आरटीओ कार्यालय में सफाई करते आरटीओ व अन्य अधिकारी।
- फोटो : Amar Ujala
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी की हिदायत का असर जिले के सभी सरकारी विभागों में नजर आने लगा है। बुधवार को सभी कार्यालयों में स्वच्छता अभियान को लेकर संजीदगी नजर आई। आरटीओ, रोडवेज परिसर, सीएमओ कार्यालय और कृषि उत्पादन मंडी समिति के कर्मचारियों ने स्वच्छता अभियान चलाया और स्वच्छता की शपथ भी ली।
बुधवार सुबह वाराणसी जोन के एडिशनल ट्रांसपोर्ट कमिश्नर डीके त्रिपाठी के नेतृत्व में आरटीओ अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ लेने के साथ ही विभाग में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान आरटीओ एम. अंसारी, आरटीओ प्रर्वतन राकेश सिंह सहित विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं बस स्टैंड में आरएम एसके राय के नेतृत्व में अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ ली। इस दौरान आरएम ने अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिया कि रोडवेज परिसर से लेकर बसें पूरी तरह साफ.-सुथरी होनी चाहिए।यात्री सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएमओ डॉ. रवींद्र कुमार ने अपने कार्यालय में सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों को सफाई के प्रति संजीदा होने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यालय में प्लास्टिक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया। उन्होंने कहा कि पान-गुटखा खाकर यहां-वहां थूकने वालों पर कार्रवाई करने के साथ ही जुर्माना भी वसूला जाएगा। इसी क्रम में कृषि उत्पादन मंडी समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों को सचिव ने बुधवार को स्वच्छता की शपथ दिलाई।