गोरखपुर में मेट्रो के लिए डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) और कांप्रेहेंसिव मोबिलिटी प्लान (व्यापक गतिशीलता योजना) तैयार करने आई राइट्स (रेल इंडिया ट्रांसफार्मेशन समिट) की टीम सोमवार को रेलवे स्टेशन से गोरखनाथ मंदिर तक निरीक्षण करने के बाद दिल्ली लौट गई। प्रारंभिक निरीक्षण के बाद राइट्स के जीएम (सिविल एवं शहरी परिवहन) प्रेम रंजन ने बताया कि गोरखपुर रेलवे स्टेशन से गोरखनाथ तक मेट्रो जमीन के भीतर दौड़ेगी।
इसकी वजह साफ करते हुए प्रेम रंजन ने बताया कि रेलवे स्टेशन से गोरखनाथ के बीच तीन फ्लाईओवर मेट्रो रूट के बीच में आ रहे हैं। ऐसे में मेट्रो यहां से कैसे गुजारी जाएगी, निरीक्षण कर इसकी संभावना तलाशी गई। घनी आबादी और तीन फ्लाईओवर के चलते यहां भूमिगत मेट्रो ट्रैक बनाना बेहतर होगा। इसके साथ ही कुल 30 में से 12 किलोमीटर लाइन भूमिगत बिछाने की जरूरत महसूस हो रही है।
15 मई से शहर में डेरा डालेंगे राइट्स के लोग
मई के दूसरे पखवारे से राइट्स के लोग आठ महीने के लिए शहर में डेरा डाल देंगे। जीडीए में तय हुए कार्यालय से राइट्स डीपीआर और सीएमपी तैयार करने का काम आगे बढ़ाएगी। राइट्स के 50 लोग इस काम में लगेंगे। जरूरत पर राइट्स आउटसोर्सिंग पर भी लोगों से काम लेगी।
जंक्शन और बस अड्डे को जोड़ेगा भूमिगत मेट्रो स्टेशन
गोरखपुर रेलवे स्टेशन के पास भूमिगत मेट्रो स्टेशन बनाया जाएगा। इसके लिए ऐसी जगह तलाशी जाएगी जहां से गोरखपुर जंक्शन और रेलवे बस स्टेशन लगभग बराबर दूरी पर हों। पूरे मेट्रो कॉरीडोर में हर एक किलोमीटर पर स्टेशन बनाए जाएंगे। जगह की उपलब्धता के आधार पर इनकी संख्या 28 से 32 हो सकती है।
मेट्रो डिपो के लिए तलाशनी होगी जमीन
मेट्रो के डिपो के लिए जमीन की व्यवस्था भी बड़ी चुनौती होगी। डिपो के लिए 25 हेक्टेअर जमीन की जरूरत होगी। शहर के भीतर इतनी जमीन मिलनी कठिन है। ऐसे में संभावना है कि मेट्रो ट्रैक के चारों कोनों में से एक पर डिपो निर्माण होगा।
सीएम का ड्रीम प्रोजेक्ट है मेट्रो
सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के प्रथम आगमन पर यहां मेट्रो परियोजना की समीक्षा की थी। ठीक एक माह बाद जीडीए और राइट्स के बीच डीपीआर के लिए करार हुआ। इसके पांचवें दिन सोमवार को राइट्स ने रेलवे स्टेशन से गोरखनाथ तक प्रारंभिक निरीक्षण का काम किया। मुख्यमंत्री ने मेट्रो के लिए जीडीए को नोडल बनाया है।
इन रूट पर दौड़ेगी मेट्रो
बरगदवा से रेलवे स्टेशन
मेडिकल कॉलेज से रेलवे स्टेशन
रेलवे स्टेशन से सूबा बाजार
रेलवे स्टेशन से ट्रांसपोर्टनगर पुलिस चौकी के पास तक