गोरखपुर। जिला महिला अस्पताल में दवा खरीद में घोटाले की शिकायत कमिश्नर एक कर्मचारी की ओर से की गई है। इसके बाद दो सदस्यीय टीम जांच को अस्पताल पहुंची।
इस बार कमिश्नर ने जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग के किसी अफसर को नहीं भेजा बल्कि ट्रेजरी के अफसरों को जिम्मेदारी सौंपी है। टीम ने दवा खरीद से जुड़े दस्तावेज को गहनता से देखा है और कई पेपर अपने साथ लाई है। खबर है कि उपकरणों की खरीद की भी टीम ने जांच की है।
शनिवार की सुबह महिला अस्पताल में ज्वाइंट डायरेक्टर ट्रेजरी, डिप्टी डायरेक्टर समाज कल्याण विभाग पहुंचे। उनके साथ कमिश्नर ने अपने स्टेनो को भी भेजा था। टीम ने दवा, उपकरण से जुड़ी फाइलों की जांच शुरू कर दी। हालांकि, टीम क्यों गई थी इसकी पुष्टि कोई नहीं कर रहा है मगर बताया जा रहा है कि अस्पताल के ही एक कर्मचारी ने दवा खरीद में घपले की शिकायत कमिश्नर तक पहुंचाई है।
इसके पहले भी जांच कर्मचारी ने स्वास्थ्य अफसरों से शिकायत की थी मगर तब मामले को मैनेज कर दिया गया था इस वजह से कमिश्नर ने इस बार स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को जांच की जिम्मेदारी ही नहीं सौंपी है और सिर्फ एक स्वास्थ्य अफसर को तकनीकी जानकारी के लिए साथ भेजा था।
टीम ने कुछ जांच रिपोर्ट तैयार कर ली है मगर कमिश्नर तक अभी फाइल नहीं पहुंची है। माना जा रहा है कि टीम महिला अस्पताल भी जांच पूरी करने के सिलसिले में जा सकती है।