615 जोड़े आज बंधेंगे जनम-जनम के बंधन में
गोरखपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के तहत परिणय सूत्र में बधने के लिए 615 जोड़ों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। शादी का मुख्य आयोजन बृहस्पतिवार को बड़हलगंज स्थित मिनी स्टेडियम में होगा। यहां पर आठ ब्लॉकों के लाभार्थियों की शादी कराई जाएगी, उन्हें आशीर्वाद देने के लिए जिले के प्रभारी व समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री के अलावा जिले के आला अधिकारी मौजूद रहेंगे।
सामूहिक शादी का आयोजन पिछले साल जिला मुख्यालय पर किया गया था, पर इस बार उसका स्वरूप बदल दिया गया है। पहले यह आयोजन हर ब्लॉक पर होना था, लेकिन पूर्व मंत्री राजेश त्रिपाठी के प्रयास से आठ ब्लॉकों के लाभार्थियों की शादी बड़हलगंज स्थित मिनी स्टेडियम कराया जाना तय किया गया। सरदारनगर और ब्रह्मपुर ब्लॉक के लाभार्थियों की शादी चौरीचौरा स्थित तरकुलहा मंदिर, जंगल कौड़िया और कैंपियरगंज ब्लॉक के लाभार्थियों की शादी कैंपियरगंज में होगी। इसके अतिरिक्त अन्य सभी ब्लॉकों पर भी शादी होगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी सप्तऋषि ने बताया कि सामूहिक विवाह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। बृहस्पतिवार को जिन पंजीकृत जोड़ों की शादी होगी उनमें से लड़की के खाते में 35 हजार नकद भेज दिया जाएगा। 10 हजार का सामान शादी में लड़की को दिया जाएगा। छह हजार रुपये शादी के मद में खर्च किया जाएगा।