कुशीनगर के पडरौना थाना क्षेत्र की दो बच्चों की मां का गला काटकर पति ने ही हत्या कर दी। इस जघन्य कांड में विवाहिता की सास, ससुर और ननदोई भी शामिल बताए जा रहे हैं। हत्यारोपियों ने विवाहिता का सिर काटकर घर से चार किलोमीटर दूर नहर में गाड़ दिया था, जबकि धड़ को नहर में बहा दिया। बहू के चरित्र पर लांछन लगाकर उसे लापता बताते हुए ससुरालवालों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने छानबीन शुरू की तो सच्चाई सामने आई। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर ननदोई को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बुड़ंतवा गांव के किशोर यादव ने अपनी तहरीर में बताया है कि उनकी बड़ी बेटी देविका (26) की शादी वर्ष 2014 में खड्डा थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के निवासी रामबहाल के बेटे श्रीनिवास से हुई थी। दोनों से दो बच्चे हैं। अचानक 11 तारिख को ससुरालवालों ने यह कहते हुए पुलिस को सूचना दी कि देविका कहीं लापता हो गई है। गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू हुई, तभी देविका के पिता किशोर ने पुलिस से संपर्क कर ससुरालवालों पर दहेज उत्पीड़न सहित हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दे दी।
पुलिस के हरकत में आते ही ससुरालवाले घर छोड़कर फरार हो गए। बगल के गांव फटकदौना निवासी देविका के ननदोई दुर्गेश यादव उर्फ सज्जन को पुलिस ने जब हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो दर्दनाक हत्या की जानकारी उजागर हुई। उसने बताया कि देविका के पति ने सास-ससुर के सहयोग से उसकी गर्दन काटकर हत्या कर दी थी। उसके बाद शव को दो बोरे में भरने के बाद बाइक पर लादकर भेड़ी स्केप के महुअवा कोप नाम की जगह पर सिर को गड्ढे में दबा दिया, जबकि धड़ को पानी बहा दिया।
पुलिस ने दुर्गेश की निशानदेही पर गोताखोरों की मदद से रविवार को नहर से सिर और बोरा बरामद किया। पुलिस टीम में शामिल एसआई नंदा प्रसाद, जीतबहादुर, राजेश, रामअवध और कांस्टेबल बिजली सिंह, बाबू लाल, नरेंद्र, चालक विंध्याचल आदि के काफी प्रयास के बाद भी देविका के धड़ का पता नहीं चला।
खड्डा थाने के प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सिंह ने बताया कि हत्या में शामिल दुर्गेश की निशानदेही पर सिर बरामद करते हुए मृतका के पति, सास-ससुर पर दहेज उत्पीड़न, हत्या व साक्ष्य छिपाने का मुकदमा दर्ज कर धड़ की तलाश की जा रही है।
एसपी राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि मृतका के ससुरालवालों ने गुमशुदगी की शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस टीम लगाकर महिला की तलाश की जा रही थी। ननदोई के पकड़े जाने के बाद पूछताछ में उसने पूरी घटना के बारे में बताया। अन्य हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।