शहर के माहौल का जायजा लेते अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती भाजपा नेता व एपीएन पीजी कॉलेज छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कबीर तिवारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के बाद बुधवार को शहर में छात्रों ने भारी उपद्रव किया। इसके बाद गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे एडीजी के साथ आईजी आशुतोष कुमार, डीएम माला श्रीवास्तव, एसपी पंकज कुमार भारी पुलिस बल के साथ मामले की जानकारी लेने पहुंचे।
उन्होंने शहर में भ्रमण कर लोगों से बातचीत की। साथ ही दुर्गापूजा आयोजकों से भी फीडबैक लिया। बस्ती रोडवेज पुलिस चौकी में भी एडीजी ने कई लोगों से पूछताछ की। घटना पर इनकी रिपोर्ट पेश होने के बाद ही शासन निर्णय लेगा।
बता दें कि बस्ती शहर के मालवीय रोड के पास बाइक सवार हमलावरों ने बुधवार सुबह करीब सवा नौ बजे छात्र नेता कबीर तिवारी पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। हाथ और सीने के पास गोली लगी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल ले गई। इधर, हत्या से आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन किया जिसमें कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा।
बवाल के बाद डीजीपी ने एएडीजी अभियोजन आशुतोष पांडेय को शहर के हालात का जायजा लेने के लिए भेजा। इसके बाद संबंधित अधिकारियों की टीम आज शहर पहुंची है।