युवक ने मारी गोली (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : Social Media (File Photo)
शादी का दबाव बना रहे युवक ने शुक्रवार को लखनऊ में स्टाफ नर्स प्रेमिका को किराए के मकान में घुसकर गोली मार दी। उसकी मौत होते ही युवक ने खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
लखनऊ के एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि बस्ती जिले के परसा निवासी त्रिभुवन चौधरी की बेटी वंदना (24) लखनऊ के बालागंज स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में स्टाफ नर्स थी। वह हसनगंज थाने के ठठेरी मोहल्ले के बब्बू वाली गली डालीगंज में कदम रसूल वार्ड के पूर्व पार्षद कमरूददीन के मकान में ढाई साल से किराए पर रह रही थी।
छोटी बहन अर्चना (20) भी साथ रहती थी। वह बीएससी की पढ़ाई के साथ ही कंप्यूटर की कोचिंग कर रही है। शुक्रवार सुबह अर्चना कोचिंग गई थी। कमरे में वंदना अकेली थी। मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि सुबह 11 बजे के करीब दो गोलियां चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे। कमरे में वंदना और एक युवक को खून से लथपथ देख लोग घबरा गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को वारदात की सूचना दी। थोड़ी देर में पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
एसपी पंकज कुमार ने बताया कि वे लगातार लखनऊ पुलिस के संपर्क में हैं। वहां की पुलिस छानबीन में जुटी है। युवक की पहचान रुधौली के मुडियार निवासी मदन के रूप में हुई है। उसकी जेब से एक कारतूस भी बरामद किया गया है। वंदना और मदन की मौत की सूचना मिलते ही दोनों के गांवों में मातम छा गया है। परिवार के लोग लखनऊ रवाना हो गए हैं।