नौसड़ चौराहा। समय अपराह्न 3:05 बजे। रोड शो के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं से घिरे राहुल गांधी से मिलने के लिए सुरक्षा घेरा तोड़ने के बाद भी जब मेडिकल की छात्रा की मुलाकात नहीं हो पाई तो वह रोने लगी पर बस के अंदर प्रवेश कर चुके राहुल को जब इसकी जानकारी हुई तो वो गेट पर आ गए। उन्होंने छात्रा को अपने पास बुलाया। राहुल ने छात्रा को फफकता देख न सिर्फ उसे चुप कराया बल्कि उसकी बात भी सुनी। राहुल ने छात्रा का मोबाइल नंबर और पता नोट किया और यह कहकर उसे भेजा कि वह बाद में फुर्सत से उससे बात करेंगे।
बकौल छात्रा मालविका दुबे, उसने राहुल गांधी को बताया कि वह मेडिकल की तैयारी कर रही है। इस साल आरक्षण की वजह से उसका मेडिकल प्रवेश परीक्षा में चयन नहीं हो सका। आज मेडिकल, इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा में आरक्षण के चलते उस जैसे कई छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधेरे में हो गया है। मालविका ने राहुल से इसे बंद कराने को कहा जिससे जो विद्यार्थी प्रतिभावान हैं, उनका सपना आरक्षण की वजह न टूटे। राहुल ने मालविका की बात सुनने के बाद उसका मोबाइल नंबर और पता नोट किया और बोले कि जल्द ही इस प्रकरण वह उससे बातचीत करेंगे।
कांग्रेस उपाध्यक्ष से मिलने के बाद मालविका का कहना था कि उसे विश्वास ही नहीं हुआ कि उसने राहुल गांधी से मुलाकात की। उनसे अपने मन की बात कह सकी। मालविका ने कहा कि राहुल गांधी के साथ हुई बातचीत उसे जीवन में हमेशा याद रहेगी।