रसोई गैस की सब्सिडी के पैसे को सीधे खाते में भेजने के लिए अब खाते को आधार कार्ड से जोड़ना जरूरी कर दिया गया है। बुधवार को तीनों ऑयल कंपनियों के अफसरों ने बैठक कर एजेंसी मालिकों को इसके लिए मार्च तक का समय दिया है। अप्रैल से जिनके खाते आधार कार्ड से लिंकअप नहीं होंगे, उनकी सब्सिडी बंद कर दी जाएगी। हालांकि अफसर इस पर अभी खुलकर कुछ नहीं बोल रहे हैं, मगर बैठक के दौरान एजेंसी मालिकों को दिए संकेत से यह साफ हो चुका है। बैठक में गोरखपुर, संतकबीरनगर और महराजगंज जिले के एजेंसी मालिक शामिल हुए थे।
केंद्र सरकार ने रसोई गैस के सब्सिडी के पैसे को सीधे खाते में भेजने के लिए डीबीटीएल योजना की शुरूआत की थी। मगर इसके लिए अभी तक खाते को आधार कार्ड से जोड़ना जरूरी नहीं था। मगर एलपीजी सिलिंडर मुहैया कराने वाली तीनों ऑयल कंपनियों ने मार्च तक सभी उपभोक्ताओं के खातों को आधार कार्ड से जोड़ने का निर्देश एजेंसी मालिकों को दिया है। अभी 35 से 40 फीसदी उपभोक्ताओं के खाते ही आधार कार्ड से लिंक है। बचे हुए उपभोक्ता बिना आधार कार्ड के सब्सिडी ले रहे हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एजेंसी मालिकों को हॉकर के जरिए भी आधार कार्ड की फोटो कॉपी मंगवाने का आदेश दिया गया है। साथ ही जिनके पास आधार कार्ड नहीं है, उनके लिए एजेंसी कैंप भी लगवाएगी। एजेंसी मालिकों को 15 फरवरी तक 50 फीसदी से ज्यादा उपभोक्ताओं के खाते को आधार से जोड़ने का आदेश दिया गया है।
गोरखपुर, संतकबीरनगर के को-ऑर्डिनेटर व आईओसी के डिप्टी सेल्स मैनेजर शिवेंद्र जायसवाल ने बताया कि आधार कार्ड से सभी उपभोक्ताओं के खाते को जोड़ना है। हॉकर के जरिए भी आधार कार्ड की फोटो कॉपी उपभोक्ता दे सकते हैं। एजेंसी मालिकों को आधार कार्ड बनवाने के लिए कैंप लगवाने का भी आदेश दिया गया है।