दाल व चावल के एजेंट से पांच हजार की लूट
गोरखपुर। कैंट इलाके के बेतियाहाता में सोमवार रात बाइक सवार बदमाशों ने दाल व चावल के एजेंट से पांच हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। घटना एक क्लीनिक के सीसीटीवी में कैद हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी के फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जूटी हुई है। पुलिस ने एजेंट की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।
राजघाट इलाके के मिर्जापुर निवासी अमित गोयल ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गल्ला मंडी गए थे। रात करीब आठ बजे वह स्कूटर से घर लौट रहे थे। बेतियाहाता के बग्गा क्लीनिक के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रुकने को कहा। इस बीच सामने से एक कार आकर रुकती दिखाई दी। उन्हें लगा की बदमाशों ने घेर लिया है। डरकर वह पास के ही बग्गा क्लीनिक में घुस गए। इस बीच बाइक सवार बदमाश स्कूटर पर टंगा झोला लेकर फरार हो गए। अमित के अनुसार झोले में पांच हजार रुपये और टिफिन रखा था। कैंट इंस्पेक्टर रवि राय ने बताया कि बदमाश मंडी से ही पीछा कर रहे थे।
बैगनार से आए और दाल चुरा ले गए
खोराबार। खोराबार इलाके के नवीन गल्ला मंडी में खड़े ट्रक से बीती रात बैगनार कार से आए बदमाश सात कट्टा अरहर की दाल चुरा ले गए। बालाजी गल्ला भंडार के पंकज गुप्ता ने दाल मंगाई थी। रात होने के कारण ट्रक से माल गोदाम में अनलोड नहीं हो पाया था। चोरी गए दाल की कीमत 30 हजार रूपए बताई जा रही है। पीड़ित व्यापारी ने खोराबार पुलिस को तहरीर दी है। चोरों की करतूत सीसीटीवी में कैद हो गई है।