गोरखपुर के शाहपुर इलाके में पकड़े गए लुटेरों के बारे में जानकारी देते एसपी सिटी डॉ कौस्तुभ।
शाहपुर इलाके में मुर्गी के दाना का कारोबार करने वाले यशपाल सिंह से लूट करने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया। पकड़े गए एक बदमाश ने शाहपुर में सोने की चेन की लूट में शामिल होना भी स्वीकार किया है। एक बदमाश पर 25 हजार रुपये का इनाम भी था। तलाशी के दौरान बदमाशों के पास से एक तमंचा, चार कारतूस और लूटे गए 18 हजार पांच सौ रुपये बरामद हो गए।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मऊ जिले के मधुबन क्षेत्र के हृदय पट्टी निवासी राजकुमार सिंह, गुलरिहा के सेमरा नंबर दो ललितापुरम निवासी मुन्ना यादव, मोहित साहनी और पुरानी असुरन चुंगी निवासी धनंजय चौहान के रूप में हुई है। पुलिस लाइंस में एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ और सीओ गोरखनाथ प्रवीण कुमार सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 10 दिसंबर की रात तकरीबन 9:30 बजे शताब्दीपुरम में मुर्गी दाना का कारोबार करने वाले यशपाल सिंह से तमंचे के बल पर नकदी से भरे बैग की लूट हुई थी। घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। बदमाशों का पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया था।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की तड़के सुबह करीब 4:30 बजे शाहपुर थाने के दरोगा राजाराम द्विवेदी, अशोक कुमार यादव, सुनील कुमार गुप्ता ने मुखबिर की सूचना पर खजांची के पास घेराबंदी कर दो बाइक पर चार युवकों को पकड़ लिया। आरोपियों ने लूट की घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया। सीओ ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों ने 7 दिसंबर को शाहपुर क्षेत्र में शारदा मैरेज लॉन के पास महिला के गले से सोने की चेन लूटने की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।