रेलवे स्टेशन और पटरियों की सुरक्षा में कुली और सफाई कर्मचारी भी मददगार होंगे। आरपीएफ ने सुरक्षा को लेकर कुली और सफाईकर्मियों की विशेष टीम तैयार की है। इनकी ट्रेनिंग भी करा दी गई है और अब इन्होंने काम करना भी शुरू कर दिया है। टीम अपनी हर सूचना की रिपोर्ट सुपरवाइजर को देगी, जिसके जरिए आरपीएफ तक सूचना पहुंचेगी।
रेल हादसों में आतंकी संगठन का हाथ होने और रेलवे ट्रैक को लूज कर हादसे की साजिश रचने की संभावना के बाद रेलवे पुलिस सक्रिय हो गई है। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए आरपीएफ जवान जहां खुद चेकिंग कर रहे हैं वहीं कुली और सफाइकर्मी का भी मदद ले रहे हैं। बुधवार को आरपीएफ पोस्ट पर इसके लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें आरपीएफ इंस्पेक्टर केएन तिवारी के नेतृत्व में आरपीएफ जवानों ने सफ ाईकर्मियों व कुलियों को प्रशिक्षित किया। इस दौरान कुलियों व सफाई कर्मियों की टीमें गठित की गईं। इसमें 70 सफाई कर्मी और 40 कुली शामिल हैं। इन दोनों टीमों के लिए एक-एक सुपरवाइजर और नोडल अधिकारी बनाए गए हैं।
दोनों टीमें अपने-अपने सुपवाइजरों की रिपोर्टिंग करेंगी और दोनों सुपरवाइजर अपने नोडल अधिकारी को। यह नोडल अधिकारी आरपीएफ के अधिकारियों के संपर्क में रहेंगे और उन्हें जानकारी देंगे। 26 जनवरी के मौके को देखते हुए देश भर के रेलवे जोन में अलर्ट जारी कर दिया गया है। एनई रेलवे के चीफ सिक्योरिटी कमिश्नर राजाराम ने बताया कि रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा में किसी तरह की चूक न हो इसे देखते हुए सफ ाई कर्मियों व कुलियों की अलग-अलग टीम बनाई है। ये टीमें स्टेशन पर हर एक गतिविधियों पर नजर रखेंगे और किसी तरह की संदिग्ध स्थिति मिलते ही आरपीएफ को सूचित करेंगे।