गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करतीं छात्राएं।
- फोटो : Amar Ujala
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में पूर्वोत्तर रेलवे कला समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
शुरुआत रेलवे कला समिति के कलाकारों ने ‘अनोखा निराला हमारा वतन’ से की। इसके बाद स्काउट और गाइड्स ने सर्जिकल स्ट्राइक नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी। पूर्वोत्तर रेलवे सीनियर सेकेंड्री स्कूल के विद्यार्थियों ने देश भक्ति नृत्य जज्बा प्रस्तुत किया। एनई रेलवे बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने समूह नृत्य ‘स्वरागनी की धरा’ की प्रस्तुति दी। कला समिति की ओर से प्रस्तुत नाटिका बेटियां ने लोगों को आकर्षित किया। पूर्वोत्तर रेलवे बालक इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने नृत्य तीन रंग हैं तिरंगे के प्रस्तुत किया गया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इससे पहले मुख्य अतिथि एनईआर जीएम राजीव मिश्र ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने गणतंत्र दिवस बधाई देते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले पूर्वोत्तर रेलवे बालक इंटर कॉलेज, पूर्वोत्तर रेलवे बालिका इंटर कॉलेज, पूर्वोत्तर रेलवे सीनियर सेकेंड्री स्कूल, पूर्वोत्तर रेलवे ललित कला समिति को 40,000 रुपये, पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट एवं गाइड्स तथा व्यवस्थापकीय कार्य के लिए 20-22 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। मुख्य कार्मिक अधिकारी एसएनएम इस्लाम ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन कला समिति की रचना श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष कुमकुम मिश्र, अपर महाप्रबंधक एसएल वर्मा, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ रेल अधिकारी, कर्मचारी आदि मौजूद रहे।